Kurukshetra: केयूके पहुंचा संकटग्रस्त प्रजाति का रेड ब्रेस्टेड पैराकीट पक्षी, हरियाणा में पहली बार देखा गया
Tue, 05 Dec 2023 03:39 PM IST
नवीन दलाल
संवाद न्यूज एजेंसी, कुरुक्षेत्र (हरियाणा)
सार
रेड ब्रेस्टेड पैराकीट पक्षी के बारे में अरूणा यादव के पर्यवेक्षक डॉ. दीपक राय बब्बर ने बताया कि ऐसी दुर्लभ पक्षी की प्रजाति का हरियाणा व विश्वविद्यालय में दिखाई देना बहुत ही सुखद है। इस प्रजाति के पक्षी प्रवासी पक्षी नहीं होते हैं बल्कि एक स्थिर भौगोलिक क्षेत्र में रहते हैं।
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय का हरा-भरा परिसर अब दुर्लभ पक्षियों को भी भाने लगा है। जैव विविधता से परिपूर्ण इस परिसर में अब संकटग्रस्त प्रजाति का रेड ब्रेस्टेड पैराकीट पक्षी भी पहुंचने लगे हैं। विश्वविद्यालय परिसर में पहली बार यह पक्षी 23 नवंबर को दिखाई दिया, जिसे प्राणी शास्त्र विभाग की शोधार्थी अरूणा यादव ने रिकार्ड किया। दावा किया जा रहा है कि प्रदेश में यह पक्षी पहली बार ही देखा गया है। इस पक्षी के आगमन व इसे रिकार्ड करने पर कुलपति प्रो सोमनाथ सचदेवा ने शोधार्थी अरूणा यादव व उनके अनुसंधान पर्यवेक्षक डॉ. दीपक राय बब्बर को बधाई दी है।
विज्ञापन
शोधार्थी अरूणा यादव ने बताया कि चार दिसंबर को भी रेड ब्रेस्टेड पैराकीट पक्षी को देखा गया व उसके घोंसले की भी पहचान की गई। उपस्थित लिट्रेचर और विशेषज्ञों से चर्चा करके यह पता चला है कि पहले राज्य में यह पक्षी नहीं देखा गया। शोधार्थी अरूणा यादव केयू के जूलॉजी विभाग में डॉ. दीपक राय बब्बर के निर्देशन में पक्षियों की विविधता पर अपना शोध कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि इस पक्षी पर पूरा सर्वे करके इसके निष्कर्ष को प्रकाशित किया जाएगा।
अरूणा यादव के पर्यवेक्षक डॉ. दीपक राय बब्बर ने बताया कि ऐसी दुर्लभ पक्षी की प्रजाति का हरियाणा व विश्वविद्यालय में दिखाई देना बहुत ही सुखद है। इस प्रजाति के पक्षी प्रवासी पक्षी नहीं होते हैं बल्कि एक स्थिर भौगोलिक क्षेत्र में रहते हैं। इस तरह हरियाणा में इस पक्षी का मिलना इसकी भूगौलिक क्षेत्र सीमा के बढ़ने को दर्शाता है या फिर ये एक फैरल पक्षी का भी उदाहरण हो सकता है। निष्कर्ष पर पहुंचने के लिए अधिक सर्वें की जरूरत है तथा आगे भी इस पक्षी के घोंसले व उपस्थिति के डेटा को रिकॉर्ड किया जाएगा। उन्होंने बताया कि रैड ब्रैस्टिड पैराकिट परिसर में एकमात्र पक्षी मिला है और वो भी मादा पक्षी है।