कुरुक्षेत्र। ढांड रोड पर चार युवकों ने कंटेनर चालक पर चाकू से हमला कर पर्स, मोबाइल सहित करीब 12 हजार 200 रुपये छीनकर फरार हो गए। राहगीरों ने लहूलुहान अवस्था में कंटेनर चालक को एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना पाकर पुलिस अस्पताल पहुंची तथा उसके बयान पर मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी।
थाना केयूके पुलिस को दिए बयान में राजस्थान जिला बाड़मेर के गांव नहरी ढाहानी निवासी रामा राम ने बताया कि सोमवार को वह अपने कंटेनर से यमुनानगर में केमिकल छोड़कर आया था। यमुनानगर में सामान उतारने के बाद वह ढांड-कैथल रोड से गुजरात जा रहा था। रात करीब सवा 12 बजे वह नरवाना ब्रांच नहर के पास ढाबे से पानी लेने के लिए उसने कंटेनर को रोका था। जैसे ही वह कंटेनर से नीचे उतरा तभी पीछे से एक युवक ने उसकी कमर में चाकू मार दिया, जिससे वह जख्मी होकर सड़क पर गिर गया। इसी दौरान दो युवकों ने उसकी जेब से पर्स व मोबाइल निकाल लिया। उसके पर्स में करीब 12200 रुपये थे। लूटपाट के बाद उनके चौथे साथी ने अपने तीनों साथियों से उसको जान से मारने के लिए कहा था, मगर उन तीनों के मना कर दिया। आरोपी उसे जख्मी अवस्था में छोड़कर फरार हो गए। बेहोशी की हालात में राहगीरों ने उसे एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है। शिकायत पर पुलिस ने आईपीसी की धारा 379 बी के तहत मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।