संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। एसोसिएशन ऑफ स्टूडेंट्स फॉर अल्टरनेटिव पॉलिटिक्स (एएसएपी) ने सोमवार को एसएससी फेज-13 की परीक्षा में धांधली और दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे शिक्षकों पर हुए लाठीचार्ज को लेकर जिला उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा। छात्रों ने विरोध जताते हुए पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया की मांग की।
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के छात्र संघ अध्यक्ष भारत बराड़ ने कहा कि छात्र दिन-रात मेहनत करते हैं, सैकड़ों किलोमीटर दूर केंद्रों पर परीक्षा देने जाते हैं। लेकिन वहां पहुंचने पर पता चलता है कि परीक्षा रद्द हो गई। यह सिर्फ लापरवाही नहीं, बल्कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ है। उन्होंने बताया कि बीते दस सालों में नीट, यूजीसी नेट, यूपीएससी, बीपीएससी और बोर्ड परीक्षाओं सहित 80 से ज्यादा परीक्षाओं में धांधली हो चुकी है। केवल इस साल की गड़बड़ियों से करीब 85 लाख युवा प्रभावित हुए हैं। इसके बावजूद सरकार कोई ठोस समाधान नहीं कर पाई है।
उन्होंने कहा कि अब छात्र और शिक्षक सड़क पर उतरने को मजबूर हैं। यह सिर्फ एक एग्जाम नहीं, बल्कि पूरे सिस्टम को आईना दिखाने का समय है।इस मौके पर छात्र नेता लकी चौहान, स्टेट जॉइंट सेक्रेटरी उपकार राणा, अनिकेत सिंह, कारण गाबा, हर्षित, जसपाल कुमार समेत बड़ी संख्या में छात्र मौजूद रहे।
सभी ने मिलकर भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता और युवाओं के भविष्य की सुरक्षा की मांग की।