कुरुक्षेत्र। सर्किट हाउस में अधिकारियों की बैठक लेते विधायक सुभाष सुधा।
- फोटो : Kurukshetra
तकुरुक्षेत्र। सेक्टरों के सामुदायिक केंद्र को पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मोड में चलाने की योजना तैयार की गई है। इस योजना को अमलीजामा पहनाने के लिए नगर परिषद (नप) के अधिकारियों को आदेश जारी किए गए हैं। इससे ये सामुदायिक केंद्र बैंकवेट हाल की तर्ज पर विकसित हो सकेंगे।
विधायक सुभाष सुधा सर्किट हाउस में जिला नगर आयुक्त कार्यालय व नप के अधिकारियों की एक संयुक्त बैठक में बोल रहे थे। विधायक ने कहा कि शहर के सामुदायिक केंद्रों का रख रखाव सही ढंग से नहीं हो पा रहा है। इस कारण इन सामुदायिक केंद्रों का लोग कम प्रयोग कर रहे हैं। इन तमाम पहलुओं को जहन में रखते हुए इस योजना पर विचार किया गया है कि इन सामुदायिक केंद्र को पीपीपी मोड पर चलाया जाए। इस योजना के तहत सबसे पहले प्राथमिकता आरडब्लयूओ को दी जाएगी, जो भी आरडब्लयूओ सामुदायिक केंद्र को चलाना चाहे उसको इस जिम्मा सौंपा सकता है। इन सामुदायिक केंद्रों को अनुबंध पर देने के लिए खाका तैयार करने के आदेश दिए हैं
।
कहा कि सूर्यग्रहण व अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव आने वाला है। इसे लेकर शहर को साफ व स्वच्छ बनाने के लिए विशेष अभियान चलाने की जरूरत है। इसलिए नप के अधिकारी विशेष कर्मचारियों को रखकर शहर में स्वच्छ बनाने का प्रयास करें। नप में लोगों को लगातार एनडीसी के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस कार्यालय में कर्मचारी सही ढंग से कार्य नहीं कर पा रहे है। इसलिए लोगों की परेशानी को दूर करने के लिए योजना तैयार की जाए। इस विषय में डीएमसी अश्वनी मलिक ने आश्वासन दिया कि जल्द लोगों की एनडीसी से संबंधित समस्या का समाधान करने का प्रयास किया जाएगा। इस मौके पर डीएमसी अश्विनी मलिक, नप अधिकारी केएल बठला, केडीबी सदस्य सौरभ चौधरी, सुरेश सैनी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।