कुरुक्षेत्र। धर्मनगरी में 25 अक्तूबर को सायं 4.27 मिनट से लेकर 6.25 मिनट तक सूर्यग्रहण लगेगा। इस दौरान देश विदेश से लाखों की संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचेंगे। स्वास्थ्य विभाग ने इस सूर्यग्रहण मेले में श्रद्धालुओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए तैयारी शुरू कर दी है। विभाग के अनुसार मेले के दौरान श्रद्धालुओं और यात्रियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराने पर विशेष फोकस रखा जाएगा। मेले में श्रद्धालुओं और यात्रियों की सुविधा के लिए एलएनजेपी अस्पताल में ही 50 बेड का अस्थाई अस्पताल बनाया जाएगा। इस अस्पताल में तमाम स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया करवाने का प्रयास किया जाएगा। इसके अलावा 20 जगहों पर प्राथमिक उपचार केंद्र बनाए जाएंगे।
मेले की तैयारी को लेकर हुई स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की बैठक में विधायक सुभाष सुधा नेअधिकारियों को श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने निर्देश दिए। सिविल अस्पताल के जिला सिविल सर्जन कार्यालय में हुई इस बैठक में विधायक सुभाष सुधा ने सिविल सर्जन डॉ. सुखबीर सिंह से सूर्य ग्रहण मेले को लेकर की जा रही तैयारियों और अब किए गए प्रबंधों के बारे में बारीकी से रिपोर्ट ली है। सिविल सर्जन डा. सुखबीर सिंह ने बताया कि विभाग की तरफ से एलएनजेपी अस्पताल के प्रांगण में ही 50 बेड का अस्थाई अस्पताल बनाया जाएगा। इस अस्पताल में किसी आपातकालीन परिस्थिति को ध्यान में रखकर तैयारियां की जाएगी। इसके अलावा मेले में अलग अलग जगहों पर 20 प्राथमिक चिकित्सा केंद्र भी बनाए जाएंगे।
सभी प्राथमिक उपचार केंद्रों में होगी एंबुलेंस की सुविधा
विधायक ने कहा कि कुरुक्षेत्र में हर बार सूर्यग्रहण मेले में लाखों लोग शामिल होते हैं और प्रशासन की तरफ से बेहतरीन तैयारियां की जाती है। मेले की यह तैयारियां अंतिम चरणों में है। मेले के लिए स्वास्थ्य विभाग की तरफ से 20 से ज्यादा प्राथमिक उपचार केंद्र स्थापित करने की योजना तैयार की है। इन सभी केंद्रों पर एंबुलेंस की सुविधा भी होगी। इस बार 40 से ज्यादा एंबुलेंस उपलब्ध रहेंगी। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की तरफ से पर्याप्त मात्रा में चिकित्सक और दवाइयों का प्रबंध करने के आदेश दिए गए हैं। इस मौके पर सिविल सर्जन डा. सुखबीर सिंह, डिप्टी सिविल सर्जन डा. रमेश सभ्रवाल, डा. अनुपमा सिंह, डा. करुणा ढींगड़ा, डा. ललित कल्सन, डा. एसएस अरोड़ा, डा. नीलम अरोड़ा सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
यहां बनेंगे प्राथमिक उपचार केंद्र
मेले में हनुमान मंदिर युधिष्ठर घाट, जय राम विद्यापीठ के सामने श्री कृष्णा घाट, भीम घाट जन स्वास्थ्य पम्प के सामने, पुराना वीआईपी घाट, नया वीआईपी घाट, कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय ब्रह्मसरोवर के पास, पुरुषोत्तमपुरा बाग, चंद्र कूप, सन्निहित सरोवर, ज्योतिसर सरोवर, पिहोवा सरोवर, सन्हेत सरोवर, थीम पार्क, पुराना बस अड्डा, नया बस अड्डा, पुराना रेलवे स्टेशन, नया रेलवे स्टेशन, पिपली चौक, दयालुपुर व नरकतारी तीर्थ पर प्राथमिक उपचार केंद्र स्थापित किए जाएंगे।