कुरुक्षेत्र। समय से पहले कोहरे की दस्तक से सड़क हादसे भी बढ़ने लगे हैं। पिछले सप्ताह ही तीन हादसों में चार की जान चली गई। इस साल के पहले 305 दिनों (अक्तूबर तक) जिले में सड़क दुर्घटनाओं के 388 मामले दर्ज किए गए। इसके अनुसार जिले में औसतन हर रोज एक हादसा हुआ।
उधर, जिले में सड़क हादसों का आंकड़ा पिछले साल की अपेक्षा बढ़ा है। पिछले साल अक्तूबर माह की बात की जाए तो सड़क दुर्घटनाओं के 54 मामले दर्ज हुए थे। इसमें 20 लोगों की जान चली गई थी, जबकि 51 लोग जख्मी हुए थे। इस साल अक्तूबर माह में भले ही मामले दर्ज कम हुए हो, मगर मौत का आंकड़ा बढ़ा है। इस साल पुलिस ने 46 मामले दर्ज किए, जिसमें 24 लोगों की मृत्यु हो गई। हालांकि गत वर्ष 51 की अपेक्षा 30 लोग जख्मी हुए।
वहीं, कोहरे की दस्तक के 10 दिन बाद पुलिस प्रशासन सक्रिय हुआ। जिला पुलिस ने सोमवार को रिफ्लेक्टर टेप लगाने का अभियान शुरू किया। इस अभियान से पूर्व पिछले सप्ताह अलग-अलग जगह तीन हादसे हो चुके थे। इसमें चार युवकों समेत पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। गत दिवस रविवार शाम ही लाडवा के इंद्री चौक के निकट कार की टक्कर लगने से साइकिल सवार बुजुर्ग ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। माना यह जा रहा है कि यह हादसे कोहरे की वजह से हुए।
पिछले साल गई 210 की जान
जिला पुलिस के मुताबिक गत वर्ष सड़क दुर्घटनाओं के 414 मामले दर्ज किए गए थे। इन हादसों में 210 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 349 लोग जख्मी हुए थे। इस साल भी दुर्घटनाओं का आंकड़ा कम नहीं हुआ। इस वर्ष अक्तूबर तक सड़क दुर्घटनाओं के 388 मामले दर्ज हुए। इसमें 176 लोगों की जान की हानि हुई, जबकि 321 लोग जख्मी हो गए।
नियमों की अवहेलना करना पड़ेगा भारी : वरुण सिंगला
जिला पुलिस कप्तान वरुण सिंगला ने बताया कि कोहरे को देखते हुए विभाग की ओर से एडवाइजरी जारी की गई है। जिला यातायात पुलिस भारी वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप लगाने का काम कर रही है। यातायात के नियमों की अवहेलना पर पिछले सप्ताह 584 वाहनों के चालान कर चालकों पर करीब 5.30 लाख रुपये का जुर्माना किया गया। इसके अलावा पुलिस की विभिन्न टीमें शिक्षण संस्थान और सार्वजनिक स्थानों पर जाकर लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक कर रही हैं।