फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kurukshetra News: मुख्यमंत्री आवास के घेराव पर अड़े आप कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने भांजी लाठियां

Sat, 23 Mar 2024 05:28 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कुरुक्षेत्र
विज्ञापन
विज्ञापन
कुरुक्षेत्र। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में शुक्रवार को कुरुक्षेत्र में सीएम आवास घेराव के लिए पहुंचे आप कार्यकर्ताओं पर पुलिस को लाठियां भांजनी पड़ी। इसमें पार्टी प्रदेशाध्यक्ष एवं गठबंधन प्रत्याशी डॉ. सुशील गुप्ता, प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनुराग ढांडा सहित 12 से अधिक कार्यकर्ता घायल हो गए, जिनमें कई महिलाएं भी शामिल हैं। इस दौरान डीएसपी रामकुमार सहित कई पुलिसकर्मियों को भी चोटें आईं। पुलिस ने 40 से ज्यादा कार्यकर्ताओं को हिरासत में भी लिया है।
विज्ञापन

अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार करने के बाद वीरवार की देर शाम को ही पार्टी की ओर से प्रदेश में मुख्यमंत्री आवास के घेराव का एलान कर दिया गया था। ऐसे में पुलिस ने आवास के करीब 100 मीटर पहले ही दो स्तरीय नाकेबंदी की थी। साथ ही वाटर कैनन व अन्य बंदोबस्त के साथ डीएसपी रामकुमार की अगुवाई में पुलिस बल तैनात किया गया था। सुबह 11 बजे आम आदमी पार्टी कार्यकर्ता पूर्व मंत्री बलबीर सैनी की अगुवाई में आवास के बाहर जुटने लगे और करीब एक घंटे बाद जब पार्टी प्रदेशाध्यक्ष एवं प्रत्याशी डॉ सुशील गुप्ता व प्रदेश उपाध्यक्ष अनुराग ढांडा पहुंचे तो कार्यकर्ता बैरिकेडिंग तोड़ने का प्रयास करने लगे। पहले पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन कार्यकर्ता अड़े रहे। ऐसे में पुलिस ने पहले पानी की बौछारें छोड़ी और फिर हल्का लाठीचार्ज किया गया। इसमें प्रदेशाध्यक्ष डा. सुशील गुप्ता व अनुराग ढांडा सहित कई कार्यकर्ताओं को चोटें आईं। घायल कार्यकर्ता वहीं बैठे रहे और जब करीब आधे घंटे से ज्यादा समय तक एंबुलेंस नहीं आई तो कार्यकर्ता फिर भड़क गए और बैरिकेडिंग तोड़ने का प्रयास करने लगे। पुलिस ने फिर वाटर कैनन व बल का प्रयाेग किया। इसके बावजूद कार्यकर्ता नहीं हटे। कुछ देर रुकने के बाद पुलिस ने पूर्व मंत्री बलबीर सैनी सहित 40 से अधिक कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। फिर दो बसों में भरकर उन्हें अन्यत्र ले जाया गया। वहीं एंबुलेंस भी बुलाई गई, जिसमें घायल कार्यकर्ताओं को नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया।



मुख्य तौर पर ये कार्यकर्ता हुए घायल
आप के प्रदेश अध्यक्ष व प्रत्याशी डॉ. सुशील गुप्ता, प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनुराग ढांडा, एडवोकेट दिनेश कुमार, जगदीश सिरटा, वीरेंद्र नरवाल हिसार, धर्मपाल लाट सिरसा, जगदीश सिरसा, राजकौर गिल।
विज्ञापन



बॉक्स

एसपी बोले- हालात काबू करने के लिए की कार्रवाई
एसपी एसएस भौरिया भी मामला शांत होने के बाद मौके का जायजा लेने पहुंचे, जहां उन्होंने पत्रकारों से चर्चा में बताया कि कार्यकर्ताओं को कुछ शरारती लोगों ने भड़काया है। उन्हें समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन नहीं माने। इसके बाद हालात को काबू में करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करनी पड़ी। ऐसा न करते तो कार्यकर्ता सीएम आवास में घुस जाते, जो कानूनी तौर पर सही नहीं है। कार्रवाई में कई पुलिसकर्मियों व कार्यकर्ताओं को चोटिल होने का पता चला है। पूरे मामले की जांच की जाएगी।


बॉक्स



आप पार्टी के नेता बोले-शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं पर बरसाई लाठियां
पार्टी प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता व वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनुराग ढांडा ने कहा कि भाजपा सरकार चुनाव से डर रही है और तानाशाही से विपक्ष को दबाना चाहती है। शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं पर लाठियां बरसाई गईं। इसमें दर्जनों कार्यकर्ता घायल हुए हैं। सरकार व पुलिस की इस तरह की कार्रवाई से पार्टी कार्यकर्ता डरने व दबने वाले नहीं हैं। अपने नेता के लिए प्रदर्शन करना कार्यकर्ताओं का हक है, उन्हें इस तरह से दबाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि सरकार केजरीवाल को नाजायज तरीके से बिना कुसूर गिरफ्तार करवा चुकी है, जिसके पीछे मंशा है कि वे कांग्रेस गठबंधन से अलग हो जाएं। भाजपा सरकार की इस मंशा को पूरा नहीं होने दिया जाएगा। देश की जनता सब देख रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें