संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। खेलकूद प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर खिलाड़ी कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की झोली में पदकों की बौछार कर रहे हैं। ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी एथलेटिक्स प्रतियोगिता 2021-22 में खिलाड़ी प्रिंस ने 5 हजार मीटर की दौड़ 14.05 मिनट में पूरी कर नया रिकॉर्ड बनाते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया है। वहीं, विश्वविद्यालय की महिला कबड्डी टीम ने हिमाचल प्रदेश यूनिवर्सिटी शिमला में आयोजित नॉर्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी चैंपियनशिप 2021-22 में रजत पदक जीतकर ऑल इंडिया के लिए क्वालीफाई किया है।
यह प्रतियोगिता हिमाचल प्रदेश यूनिवर्सिटी शिमला में 3 से 6 जनवरी के बीच आयोजित की गई। केयू की महिला टीम ने क्वार्टर फाइनल में पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ को 64-34 से हराया। प्रतियोगिता के पहले लीग मुकाबले में कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी ने जीएनडी यूनिवर्सिटी अमृतसर को 33-68 से हराया। दूसरे लीग मैच में भी कुरुक्षेत्र ने एमडीयू रोहतक को 34-57 के स्कोर के साथ मात दी। कुरुक्षेत्र की तरफ से राज रानी, नीरू दहिया, प्राची व प्रियंका ने शानदार प्रदर्शन किया।
फाइनल मुकाबले में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय और हिमाचल यूनिवर्सिटी का मुकाबला कांटे की टक्कर हुई। हिमाचल यूनिवर्सिटी ने 37-34 के स्कोर से मैच को जीत कर प्रथम स्थान हासिल किया और कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की महिला टीम रजत पदक के साथ द्वितीय स्थान पर रही। टीम की खिलाड़ी पूजा को प्रतियोगिता का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया।
केयू खेल विभाग के निदेशक राजेश सोबती ने बताया कि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय सहित जीएनडी अमृतसर, एचपी यूनिवर्सिटी शिमला व एमडी यूनिवर्सिटी रोहतक की टीमों ने अब जीजीटी यूनिवर्सिटी जयपुर राजस्थान में होने वाली ऑल इंडिया इंटर विश्वविद्यालय के लिए क्वालीफाई किया है। वहीं, चितकारा यूनिवर्सिटी राजपुरा में आयोजित हुई नॉर्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी बास्केटबॉल प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय की महिला टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान प्राप्त कर ऑल इंडिया प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया है।
ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी पुरुष वॉलीबॉल के फाइनल में केयू
केयू की टीम ने ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी पुरुष वॉलीबॉल प्रतियोगिता में मंगलौर यूनिवर्सिटी की टीम को सेमीफाइनल में 3-0 से मात देकर फाइनल में प्रवेश किया यह यह प्रतियोगिता केआईआईटी भुवनेश्वर में चल रही है।
सेमीफाइनल में केयू की टीम ने तीन राउंड 25-17, 25-19 व 25-18 स्कोर से मंगलौर यूनिवर्सिटी को पराजित किया। खेल निदेशक राजेश सोबती ने बताया कि पिछले 18 वर्षों की नार्थ जोन की विजेता कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी इस बार भी ऑल इंडिया में जीत की दावेदार बन चुकी है। क्वार्टर फाइनल के मैच में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय ने जीएनडी यूनिवर्सिटी, अमृतसर को 3-1 से हराया। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की टीम ने अपने ग्रुप मैचों में एमजी यूनिवर्सिटी कोट्टायम को 3-1 से, उत्कल यूनिवर्सिटी को 3-0 से और मराठवाड़ा यूनिवर्सिटी औरंगाबाद को 3-0 से हराकर अपनी जीत के दावे को बुलंद किया है। प्रतियोगिता में कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी का फाइनल मैच यूनिवर्सिटी ऑफ कैलीकट के साथ होगा।
ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी एथलेटिक्स में प्रिंस ने जीता स्वर्ण पदक
केयू के खिलाड़ी प्रिंस ने ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी एथलेटिक्स प्रतियोगिता के तहत 5000 मीटर की दौड़ को 14.05 मिनट में पूरी कर स्वर्ण पदक हासिल किया। प्रिंस ने मैंगलोर यूनिवर्सिटी में चल रही प्रतियोगिता में शुरू से ही अपनी दावेदारी को मजबूती से प्रस्तुत किया।
इससे पहले प्रिंस ने ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी एथलेटिक्स प्रतियोगिता 2021-22 में ही 1500 मीटर में रजत पदक के साथ द्वितीय स्थान हासिल किया। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा और कुल सचिव डॉ. संजीव शर्मा ने बधाई दी है। प्रो. सचदेवा ने कहा कि यह बडे़ गर्व का विषय है कि खिलाड़ी खेलों में शानदार प्रदर्शन कर कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय का नाम रोशन कर रहे हैं।विश्वविद्यालय खिलाड़ियों को हर प्रकार की सुविधाएं मुहैया करा रहा है।
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की पुरुष वॉलीबॉल टीम के साथ मौजूद अधिकारी। संवाद- फोटो : Kurukshetra
खिलाड़ी प्रिंस। संवाद- फोटो : Kurukshetra