पिहोवा । राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पिहोवा में खंड स्तरीय लोकनृत्य व रोल प्ले प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पिहोवा की टीम ने लोक नृत्य में प्रथम स्थान हासिल किया। इसके अतिरिक्त रोल प्ले में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय हरिगढ़ भोरख की टीम प्रथम रही।
मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी वीरेंद्र गर्ग ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए समाज में फैली हुई कुरीतियों जैसे नशा-व्यसन, लैंगिक असमानता, किशोर अवस्था के बालकों का चहुंमुखी विकास, इंटरनेट गैजेट और मीडिया लाइब्रेरी का सुरक्षित उपयोग आदि विषयों के प्रति जागरूक करने के लिए एनसीईआरटी द्वारा पूरे देश में इस तरह की प्रतियोगिताएं करवाई जा रही हैं।
राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पिहोवा की प्रधानाचार्य सुशीला रानी ने विजेता प्रतिभागियों को प्रेरित करते हुए कहा कि हर कदम के साथ नई मंजिल को हासिल करें तथा जिला स्तरीय व राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भी अव्वल आकर अपने स्कूल व खंड का नाम रोशन करें। इस अवसर पर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बाखली के प्राचार्य रमेश कुमार, वरिष्ठ प्रवक्ता डीआईईटी संजीव कुमार तथा भौर सैदां स्कूल से अध्यापक संजय खरबंदा ने भी विचार व्यक्त किए।