कुरुक्षेत्र। नगर परिषद थानेसर के चेयरपर्सन व 30 वार्डों में पार्षद पदों व इस्माईलाबाद में नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए चुनाव पूरी तरह से शांतिपूर्ण रहा। कहीं पर भी किसी प्रकार का कोई घटनाक्रम नहीं हुआ। यहां तक कि संवेदनशील बूथों पर भी मतदान पूरी तरह से शांतिपूर्ण रहा, जिसके चलते पुलिस प्रशासन ने राहत की सांस ली है। वहीं अब इवीएम अग्रसेन पब्लिक स्कूल में बनाए गए स्ट्रॉन्ग रूम में रखी गई है, जहां पर भी दो स्तरीय कड़ा सुरक्षा पहरा रहेगा।
थानेसर में चेयरपर्सन पद के लिए 108 व 30 वार्डों में पार्षद पद के लिए 101 बूथ बनाए गए थे। इनमें से 40 बूथ संवेदनशील चिंह्नित किए गए थे। वहीं इस्माईलाबाद में बनाए गए 13 में से छह बूथ संवेदनशील थे। हालांकि सभी बूथों पर पुलिस व अर्धसैनिक बल के जवान तैनात रखे गए लेकिन संवेदनशील बूथों पर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी रखी गई। पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला भी मतदान केंद्रों का निरीक्षण करते रहे तो वहीं चुनाव अधिकारियों की नजरें भी संवेदनशील बूथों पर अधिक टिकी रहीं। शाम छह बजे तक जब चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न हुआ तो सुरक्षा व्यवस्था में तैनात हर कर्मी ने राहत की सांस ली।
चाक चौबंद की गई थी सुरक्षा व्यवस्था : एसपी
एसपी वरुण सिंगला का कहना है कि चुनाव को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह से चाक चौबंद की गई थी। हर बूथ पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा। संवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त जवान तैनात किए गए थे। पूरा दिन मतदान पूरी तरह से शांतिपूर्ण चलता रहा। चुनाव के बाद इवीएम को स्ट्रॉन्ग रूम में रख दिया गया है, जहां पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी।
स्ट्रॉन्ग रूमों पर दो स्तर की सुरक्षा ड्यूटी लगाई गई है, जिसमें हरियाणा आर्म्ड पुलिस तथा जिला पुलिस शामिल है। इसके साथ-साथ सुरक्षा के लिए पेट्रोलिंग पार्टी लगाई गई हैं जो 24 घंटे स्ट्रॉन्ग रूमों के आसपास गश्त करेंगी। निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।