गिरदावरी में आ रही दिक्कतों सहित अन्य कई मांगों के समर्थन में पटवार एवं कानूनगो एसोसिएशन के बैनर तले जिलेभर के पटवारी और कानूनगो ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नाम उपायुक्त को ज्ञापन भी सौंपा।
वीरवार सुबह 10 बजे पटवार एवं कानूनगो एसोसिएशन के जिला प्रधान साहब सिंह के नेतृत्व में पटवारी और कानूनगो एकत्रित हुए। इस दौरान उन्होंने नारेबाजी करते हुए रोष जताया। इसके पश्चात लंबित पड़ी मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। जिला प्रधान साहब सिंह ने बताया कि पहले खरीफ फसल की गिरदावरी अक्तूबर, रबी की फसल की मार्च में होती थी, जोकि गिरदावरी के लिए आदर्श महीने थे, लेकिन अब सरकार ने बिना धरातल की सच्चाई जाने इसका समय अगस्त और फरवरी कर दिया है। अगस्त में गर्मी और बारिश के चलते खेतों में गिरदावरी करते वक्त काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने मांग की है कि सरकार पटवारी और कानूनगो की समस्याओं को देखते हुए गिरदावरी का समय पहले वाला निर्धारित करे।
उन्होंने ज्ञापन के माध्यम से मांग रखी कि ई-गिरदावरी करने के लिए जो टैब दिए गए हैं, उनकी गुणवत्ता अच्छी नहीं है। इसकी वजह से गिरदावरी का कार्य करना मुश्किल हो रहा है। उन्होंने मांग की है कि सरकार अच्छी क्वालिटी के टैब पटवारियों को उपलब्ध कराए जाए। उन्होंने कहा कि जिला कुरुक्षेत्र में 9 पद कानूनगो के रिक्त पड़े हैं, जोकि पटवारियों से पदोन्नति के उपरांत भरे जाने हैं तथा गत 4 वर्षों से एसके और एनएस के पद पर पदोन्नति नहीं हुई है। इससे जिला राजस्व का कार्य प्रभावित हो रहा है।
इस अवसर पर भूपेंद्र सिंह सचिव, महिंदर खजांची, जसविंदर पंजेटा सचिव थानेसर, वेद तहसील प्रधान लाडवा, जसमेर सैनी तहसील प्रधान इस्माईलाबाद, तहसील प्रधान पिहोवा, सुरजीत प्रधान बाबैन, भगवान दास कानूनगो पिहोवा, मुकेश कानूनगो, रक्षित पटवारी, परमजीत पटवारी व समस्त जिला के पटवारी उपस्थित रहे।