संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। साढ़े 10 करोड़ रुपये खर्च कर बनाई गई शहर की डेढ़ किमी मॉडल रोड अवैध पार्किंग की चपेट में है। चार साल पहले जाम की समस्या से लोगों को निजात दिलाने के लिए इसे सिक्स लेन बनाया गया था, लेकिन अवैध पार्किंग समस्या का फिर भी हल नहीं हो पाया। हालात यह है कि सड़क का 60 प्रतिशत हिस्सा अवैध पार्किंग की भेंट चढ़ गया है। इस वजह से राहगीरों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
रेलवे रोड पर जिला डाकखाना सहित 14 बैंकों की मेन शाखाओं, ऑटो मार्केट, तीन होटल, छह ढाबे, पांच रेस्टोरेंट के अलावा अनेक व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर आने वाले लोगों के वाहनों से रोड पूरा दिन अटा रहता है। यहां रोजाना लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए करीब चार साल पहले इसे सिक्स लेन बनाया गया था। अतिक्रमण व अवैध पार्किंग के चलते यह अब सिर्फ नाम का ही सिक्स लेन रह गया है।
प्रशासन ने सड़क पर पीली पट्टी लगाकर लोगों को वाहन उसके भीतर खड़े करने के आदेश दिए हैं। इसके बाद भी अधिकतर वाहन इस पट्टी से बाहर खड़े रहते हैं। इस सड़क पर तीन विद्यालय व एक महाविद्यालय भी पड़ता है, जिससे विद्यार्थियों के आवागमन के समय यहां अवैध पार्किंग के चलते स्थिति और ज्यादा खराब हो जाती है। नगर परिषद अतिक्रमण और यातायात पुलिस अवैध पार्किंग हटाने में पूरी तरह से नाकाम साबित हो रही है। अवैध पार्किंग में खड़े वाहनों की वजह से यहां अब तक कई हादसे हो चुके हैं।
रेलवे रोड पर 14 बैंकों की मुख्य शाखाओं के वर्किंग टाइम सुबह 10 बजे से सायं 5 बजे तक स्थिति बेहद खराब रहती है, क्योंकि बैंक में आए कर्मचारियों व उपभोक्ताओं को मजबूरन अपने वाहन बैंक के बाहर सड़क पर ही खड़े करने पड़ते है। इससे की यहां वाहनों का जमावड़ा लग जाता है। कई वाहन तो दिनभर सड़क के बीच में ही खड़े रहते है।
फ्रूट विक्रेता डिंपल ने बताया कि रेलवे रोड पर कहीं भी पार्किंग स्थल नहीं है। लोग सड़क के किनारे ही अपने वाहन खड़ा कर देते हैं। गुरुद्वारा छठी पातशाही से लेकर रेलवे स्टेशन तक वाहन खड़े नजर आते हैं। प्रशासन की तरफ से अगर पार्किंग की सुविधा दी जाए तो सड़क इससे छुटकारा मिल जाएगा।
रेलवे रोड पर एटीएम बूथ से पैसे निकलवाने आए राकेश ने बताया कि मार्ग पर पार्किंग न होने से रोजाना ही जाम लगता है। जाम की समस्या काफी पुरानी है। बैंकों के कारण यहां की स्थिति बदहाल है, क्योंकि लोग बैंक के बाहर वाहन खड़ा करके अंदर चले जाते हैं। इसका स्थाई हल किया जाना जरूरी है।
हंसाला वासी गुरमुख ने बताया कि उनकी बेटी रेलवे रोड पर आइलेट्स के लिए आती है। आलेट्स सेंटर के सामने सड़क के किनारे लोगों की बाइकें खड़ी रहती हैं, जिससे जाम लगता है। राहत देने के लिए प्रशासन को लगातार अभियान चलाने चाहिए। वहीं सड़क पर वाहन खड़ा करने वालों के चालान किए जाए।
नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी बलबीर रोहिल्ला ने बताया कि रेलवे रोड पर शीघ्र ही अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाया जाएगा। इसमें पुलिस का सहयोग भी लिया जाएगा। इसके अलावा सड़क पर वाहन करने वालों के चालान किए जाएंगे और अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
सड़क पर सामान रखकर किया गया अतिक्रमण। संवाद- फोटो : Kurukshetra