संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। माध्यमिक एवं वरिष्ठ माध्यमिक स्तर के निजी अस्थाई मान्यता प्राप्त विद्यालयों की संबद्धता के लिए हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी मूल दस्तावेजों की जांच करेगा। बोर्ड की ओर से यह जांच प्रक्रिया 30 जनवरी तक पूरी की जाएगी। यह जानकारी जिला शिक्षा अधिकारी अरुण आश्री ने दी।
उन्होंने बताया कि विद्यालयों का मूल दस्तावेज जांचने का कार्य 27 जनवरी से शुरू हो चुका है। शिक्षा बोर्ड द्वारा देखे गए विद्यालयों के मूल दस्तावेजों के अगले दिन ही संबद्धता फीस भरने के लिए ऑनलाइन पोर्टल खोला जा रहा है। विद्यालयों के देखे गए मूल दस्तावेज एवं संबद्धता फीस भरने उपरांत उसी दिन ही एनरोलमेंट रिटर्न के लिए पोर्टल खोल दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि विद्यालयों द्वारा शैक्षिक सत्र 2021-22 के लिए कक्षा 9वीं से 12वीं के विद्यार्थियों के एनरोलमेंट रिटर्न निर्धारित शुल्क के साथ राशि एकमुश्त ऑनलाइन भरी जानी है। इसके बाद पोर्टल बंद कर दिया जाएगा।
जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि हरियाणा राज्य के विद्यार्थियों के लिए 150 रुपये प्रति विद्यार्थी एवं अन्य राज्यों, बोर्डों से आए विद्यार्थियों के लिए 200 रुपये प्रति विद्यार्थी शुल्क भरा जाना है। इसके अतिरिक्त कक्षा 9वीं व 11वीं के विद्यार्थियों को 50 रुपये प्रति विद्यार्थी प्रश्न पत्र शुल्क भरा जाएगा। कक्षा 11वीं के विद्यार्थी जिनका एनरोलमेंट पूर्व में हो चुका है, उन विद्यार्थियों को 100 रुपये प्रति विद्यार्थी प्रश्न पत्र एनरोलमेंट शुल्क के साथ ऑनलाइन जमा कराना होगा। शैक्षिक सत्र 2021-22 के लिए कक्षा 9वीं एवं 11वीं का परीक्षा परिणाम भी वेबसाइट पर अपलोड करना अनिवार्य है।