लाडवा रोड पर सोमवार देर शाम शटरिंग गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। मृतक की शनाख्त करनैल सिंह वासी गांव गौरीपुर के रूप में हुई है। हादसे के बाद सुबह विधायक रामकरण काला ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली तथा परिवार को आर्थिक दिलाने का आश्वासन दिया। वहीं पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के परिजनों के हवाले कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक सोमवार को शाहाबाद-लाडवा रोड पर गली में शाम सात बजे के एक भवन पर लेंटर ढालने के लिए शटरिंग डालने का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक शटरिंग नीचे आ गिरी। इस हादसे में मजदूर करनैल सिंह और जगजीत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए तथा दो अन्य को भी चोटें आईं। घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां चिकित्सकों ने करनैल सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं अन्य घायलों का उपचार चल रहा है। हादसा किस कारण हुआ इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। हादसे की सूचना पाकर चौकी प्रभारी साहब सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी लेकर जांच शुरू कर दी।
उधर, चौकी प्रभारी साहब सिंह ने कहा कि यह हादसा काम करते समय हुआ है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है, जो भी कार्रवाई नियमानुसार बनेगी की जाएगी।