कुरुक्षेत्र। पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला का तबादला पलवल हो गया है। बुधवार से जिले के नए पुलिस अधीक्षक के तौर पर कार्यभार नितिश अग्रवाल संभालेंगे। इससे पहले वे भिवानी में लगभग पांच माह से बतौर पुलिस अधीक्षक अपनी सेवाएं दे रहे थे। वह 2017 बैच के आईपीएस हैं। वरुण सिंगला ने जिले में लगभग 10 माह तक अपनी सेवाएं दी हैं। उन्होंने जिले में अपराध पर लगाम लगाने के लिए पुलिसकर्मियों को काफी रियायत दी, जिसके परिणामस्वरूप जिले में पिछले दिनों हुई कई मुठभेड़ों में आपराधिक वारदातों में शामिल लोग व गैंगस्टरों को काबू कर उन्हें जेल भेजा गया। नए पुलिस कप्तान नितिश अग्रवाल के लिए जिले में फैल रही गैंगों को रोकना व साइबर अपराध पर लगाम लगाने के साथ-साथ नशे के बढ़ते जाल को रोकना चुनौती भरा रहेगा।
वहीं उनका कहना है कि बतौर पुलिस अधीक्षक जिले को नशा मुक्त व अपराध मुक्त करने के लिए भरसक प्रयास किया जाएगा। साइबर अपराध की रोकथाम के लिए गंभीरता से कार्य किया जाएगा और अधिक से अधिक आम नागरिकों को साइबर अपराधों के दुष्परिणामों के बारे में जागरूक किया जाएगा। युवाओं को नशे के प्रति जागरूक करने के लिए निरंतर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि फरियादों को प्राथमिकता के आधार पर सुनवाई कर उन्हें शीघ्र अति शीघ्र न्याय दिलवाया जाएगा।
2017 बैच के आईपीएस हैं नितिश अग्रवाल
वर्ष 2017 बैच के आईपीएस नितिश अग्रवाल मध्य प्रदेश के भोपाल के रहने वाले हैं और आईआईटी बॉम्बे से बीटेक की डिग्री प्राप्त की है। इससे पहले नितिश अग्रवाल जिला जींद में एएसपी रह चुके हैं, फरीदाबाद में डीसीपी हेड क्वार्टर रहे, जिला महेंद्रगढ़ में एसपी के पद पर, स्टेट क्राइम ब्यूरो में एसपी के पद के बाद डीसीपी क्राइम गुरुग्राम रहे चुके हैं। अब उनका जिला भिवानी एसपी से स्थानांतरण जिला कुरुक्षेत्र के एसपी के पद पर हुआ है।