कुरुक्षेत्र। थानेसर अनाज मंडी में गेहूं के उठान के इंतजार में रखी गेहूं की बोरियां। संवाद
कुरुक्षेत्र। जिले की अनाज मंडियों में अब गेहूं की आवक घटने लगी है। 90 फीसदी तक सीजन पूरा हो चुका है, जिसके चलते इसी सप्ताह तक इसके पूरा होेने की भी उम्मीद जताई जाने लगी है। आवक कम होने लगी तो उठान का भी मंगलवार को कुछ असर दिखाई दिया। उठान 51 फीसदी तक पहुंच सका। बता दें कि मंगलवार तक 50 लाख 15 हजार 120 क्विंटल गेहूं की खरीद की जा चुकी है, जिसमें से 25 लाख 60 हजार 850 क्विंटल का उठान किया जा सका। मंगलवार को दो लाख 74 हजार 250 क्विंटल गेहूं की खरीद की गई और उठान तीन लाख 98 हजार 40 क्विंटल का हुआ। वहीं मंगलवार तक 321 करोड़ 39 लाख 66 हजार 765 रुपये का भुगतान किया जा सका है।
एफसीआई ने खड़े किए हाथ तो बिगड़े हालात
अधिकारियों व ठेकेदारों की मानें तो इस बार एफसीआई ने पिछले सीजन की तरह गेहूं लेने से इन्कार कर दिया, जिसके चलते ही हालात बिगड़ गए। जहां पिछले साल एफसीआई की ओर से 14 स्पेशल लगाई गई तो वहीं स्थानीय स्तर पर भी गेहूं स्टॉक किया गया और 50 फीसदी गेहूं एफसीआई के ही हवाले रहा। वहीं इस बार यह महज 10 फीसदी तक सिमट गया तो स्पेशल भी नहीं लग पाई। उधर जिला खाद् एवं पूर्ति नियंत्रक सुरेंद्र सैनी का कहना है कि अब उठान में कोई ढील नहीं है, जिसका असर भी मंडियों में दिखने लगा है। उन्होंने कहा कि अब सीजन करीब 90 फीसदी तक निपट चुका है। इस बार किसानों व आढ़तियों को कोई खास परेशानी नही होने दी गई।
कुरुक्षेत्र। थानेसर अनाज मंडी में गेहूं के उठान के इंतजार में रखी गेहूं की बोरियां। संवाद