संवाद न्यूज एजेंसी
शाहाबाद। नगरपालिका के कर्मचारियों ने अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की। हालांकि कर्मचारियों को लोगों का विरोध भी झेलना पड़ा, लेकिन कर्मचारियों ने कार्रवाई जारी रखी और त्वरित आधार पर बाजारों से अतिक्रमण हटाए। यह कार्रवाई शाहाबाद के एसडीएम कपिल शर्मा के निर्देशों पर हुई।
नगर पालिका के कर्मचारी विक्रम, विकास, राहुल, सतीश, रिंकू, अमित, पवन, सुरजीत व अविनाश की टीम देवी मंदिर रोड, पुरानी सब्जी मंडी रोड, खालसा सरबत भवन के बाजारों में पहुंची। दुकानों के बाहर सड़कों पर पड़े सामान को ट्राली में डाला गया। जगह-जगह लगे फ्लैक्स को उतारा गया। टीम की कार्रवाई से दुकानदारों में अफरातफरी मच गई।
दुकानदार आनन-फानन बाहर पड़ा सामान दुकानों के अंदर फेंकने लगे। नगर पालिका सचिव बंबूल सिंह ने बताया कि दुकानदारों की ओर से किए गए अतिक्रमण की शिकायत लगातार आ रही हैं। बार-बार हिदायत देने के बावजूद भी दुकानदार अतिक्रमण करने से बाज नहीं आ रहे। इस कारण नगर पालिका को कार्रवाई करनी पड़ी।
दुकानदारों को जागरूक किया जाए : रामकरण काला
वहीं दूसरी ओर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पर विधायक रामकरण काला ने कहा कि नगर पालिका के कर्मचारी दुकानदार को जागरूक करें, लेकिन किसी दुकानदार के साथ जोर जबरदस्ती नहीं होनी चाहिए। इसमें किसी का नुकसान भी नहीं होना चाहिए। जागरूकता से ही इस समस्या का समाधान किया जा सकता है।