नगर परिषद प्रशासन अब शहर की समस्याओं को व्हाट्सऐप के जरिये दर्ज करेगा। लोग व्हाट्सऐप अब अपनी शिकायतें दर्ज कराएंगे और निर्धारित वक्त में इन समस्याओं को समाधान भी किया जाएगा। यानी अब घर बैठे भी लोग अपनी शिकायत नप प्रशासन को व्हाट्सऐप कर सकेंगे और शिकायतों का दो घंटे में समाधान भी होगा। इस योजना को गुरुवार को विधायक सुभाष सुधा ने लांच किया। हालांकि लोग स्वर्ण जयंती वर्ष से इसका उपयोग कर सकेंगे। फिलहाल सफाई, सड़क की मरम्मत, बिजली संबंधित समस्या आदि को शामिल किया गया हैं। इसके लिए संबंधित अधिकारियों के व्हाट्सऐप नंबर भी जारी किए गए हैं।
इन नंबरों पर मिली शिकायतों पर निर्धारित समय में दूर करने का लक्ष्य भी रखा गया है। यदि किसी क्षेत्र में सफाई नहीं होने की समस्या हैं तो वहां के लोग कचरे की फोटो और क्षेत्र का नाम पता लिखकर संबंधित अधिकारी के व्हाट्सऐप नंबर पर शिकायत देंगे। संबंधित अधिकारी दो घंटे में इस समस्या को दूर करवाएंगे। यदि लोग जानबूझकर कचरा डाल रहे हैं तो ऐसे लोगों की भी शिकायत तस्वीर सहित व्हाट्सऐप पर की जा सकती है। इसी तरह यदि किसी क्षेत्र की सड़क मरम्मत की शिकायत मिलने के 48 घंटे में समाधान कर दिया जाएगा।
इन समस्याओं के लिए इन नंबरों पर करें शिकायत
विधायक सुभाष सुधा ने नगर परिषद कार्यालय में संबंधित अधिकारियों के व्हाट्सऐप नंबरों को लांच किया है। जिसमें स्वच्छता अभियान के तहत सीएसआई रूप रविन्द्र सिंह का नंबर 7988277105, एसआई कर्मचंद का व्हाटसऐप नंबर 7988272880 लांच किया है। इसी तरह बिजली संबंधित शिकायतों के लिए जेई अमित कुमार का व्हाट्सऐप नंबर 9992360844 लांच किया है। इसी तरह सड़क को लेकर नगर परिषद के इंजीनियर राकेश मग्गु का नंबर 9872031812 और एमई ईश्वर वर्मा का नंबर 9896100032 लांच किया है।
सुबह 7 बजे से शाम 4 बजे तक करें शिकायत
विधायक सुधा ने कहा कि शहर में किसी भी जगह पर गंदगी है या सफाई व्यवस्था नहीं हो पा रही है, या फिर लोग जानबूझ कर गंदगी डाल रहे हैं तो इसकी शिकायत कोई भी व्यक्ति फोटो सहित सीएसआई और एसआई के व्हाटसऐप नंबर पर रविवार को छोड़कर किसी भी दिन सुबह 7 बजे से शाम 4 बजे तक कर सकता है। इस अवधि में सूचना मिलने पर 2 घंटे के अंदर अधिकारी सफाई करवाना सुनिश्चित करेंगे। अगर सूचना सांय 4 बजे के बाद नप अधिकारियों को मिलेंगी तो अगले दिन अधिकारी सफाई व्यवस्था ठीक कराएंगे। इसके लिए नगर परिषद प्रशासन 10 कर्मचारियों की एक अतिरिक्त टीम नियुक्त करेगा। इस टीम को 2 डंपर भी दिए जाएंगे। विधायक ने कहा कि नगर परिषद द्वारा सड़कों की मरम्मत का कार्य शुरू किया जा रहा है। इसके बाद भी अगर शहर में किसी भी जगह पर सड़क पर गड्ढे रह जाते हैं तो संबंधित क्षेत्र के लोग दोनों एमई के व्हाटसऐप नंबर पर फोटो सहित सूचना भेज सकते है। इस सूचना के 48 घंटों के बाद एमई सड़कों को ठीक करवाना सुनिश्चित करेंगे। इसी तरह स्ट्रीट लाइट के लिए जेई के व्हाटसऐप नंबर पर सूचना भेज सकते है।
पॉलीथिन को लेकर भी शिकायत कर सकते हैं लोग
विधायक सुधा ने कहा कि शहर के लोग पॉलीथिन के उपयोग को लेकर भी शिकायत दर्ज करा सकेंगे। 1 नवंबर से कुरुक्षेत्र में पॉलीथिन के प्रयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया जाएगा। इसके बाद पॉलीथिन का उपयोग करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में लोग नगर परिषद के व्हाट्सऐप नंबर पर शिकायत दर्ज करा सकेंगे। विधायक ने कहा है कि हरियाणा के 50 वर्ष पूरे होने पर शहरवासियों को ये सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही है। इस मामले में जो भी अधिकारी व कर्मचारी लापरवाही बरतेगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर नप सचिव केएल बटला सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
विधायक ने शुरू किया कैलाश नगर से स्वच्छता अभियान
कुरुक्षेत्र। विधायक सुभाष सुधा ने डीसी कॉलोनी से लेकर कैलाश नगर तक स्वच्छता अभियान का शुभारंभ किया। विधायक ने कहा कि शहर में 15 दिनों के लिए 50 मजदूर व 4 ट्रैक्टर ट्राली विशेष तौर पर स्वच्छता अभियान के लिए लगाए है। इस अभियान में नगरपरिषद के सीएसआई आरआर सिंह और एसआई कर्मचंद सहित सफाई कर्मचारियों ने कैलाश नगर के आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ बनाने का कार्य किया। इसके अलावा हुडा के सेक्टरों की सफाई के लिए 2 लाख 70 हजार का बजट जारी किया है।