कुरुक्षेत्र के सांसद राजकुमार सैनी पर स्याही फेंके जाने और हमले के मामले को लेकर कुछ लोग खुलकर आरोपी युवकों के समर्थन में आने लगे हैं। कोर्ट परिसर में ही जब आरोपी युवकों को पेश किया गया, उसी दौरान पूर्व छात्र नेता कृष्ण श्योकंद ने पत्रकारों से बातचीत में उन्हें फंसाने के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि इन युवकों ने सांसद पर केवल स्याही फेंकी है और यह कार्य ठीक उसी तर्ज पर किया गया है, जिस प्रकार से शहीद भगत सिंह ने असेंबली में किया था।
उन्होंने खुलेे तौर पर कहा कि इन युवकों ने सांसद पर हमला नहीं किया है और हमले को लेकर साजिश रची जा रही है। स्याही फेंके जाने पर ही उनके खिलाफ बिना जांच किए धारा 307 लगा दी गई, जो गलत है। उन्होंने मांग की कि यह धारा तो सांसद पर लगाई जानी चाहिए थी। उन्होंने आरोप लगाया कि सांसद सैनी जातिवाद का जहर घोल रहे हैं, उनके खिलाफ पहले ही कार्रवाई कर देेेनी चाहिए थी। उन्होंने कहा कि इन युवकों के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। उधर बताया जा रहा है कि कुछ लोग इस मामले को लेकर आरोपी युवकों के पक्ष में देर रात तक बैठकें भी करते रहे।
हरियाणा पिछड़ा महासभा ने की निंदा
कुरुक्षेत्र। सांसद राजकुमार सैनी पर हुए हमले की निंदा करते हुए हरियाणा पिछड़ा (एससी/एसटी/ओबीसी) महासभा ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया है। यह फैसला प्रदेशाध्यक्ष रामकुमार रंबा की अध्यक्षता में महासभा की बैठक में लिया गया। गुर्जर धर्मशाला में हुई इस बैठक में सोमवार को एक कार्यक्रम के दौरान सांसद राजकुमार सैनी पर हुए हमले की निंदा की गई। इस मौके पर पूर्व विधायक रोशन लाल आर्य भी विशेष रूप से मौजूद रहे। रंबा ने कहा कि सांसद पर हमला किए जाना लोकतंत्र पर कुठाराघात है। प्रशासन की लापरवाही के कारण ही ऐसी घटना हो पाई।
यदि सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता प्रबंध होते तो फिर हमलावर अपनी योजना में किसी भी प्रकार से सफल नहीं हो सकते थे। उन्होंने जानकारी दी कि इस सारे घटनाक्रम के खिलाफ हरियाणा पिछड़ा महासभा ने सीएम को ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया है। ज्ञापन में सांसद पर हमले के आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग उठाई जाएगी। इसके अलावा लापरवाही बरतने के आरोप में पुलिस कर्मियों पर भी कार्रवाई की मांग को प्रमुखता से उठाया जाएगा। उन्होंने बताया कि नए स्टैंड के निकट पार्क में सभी सदस्य व पिछड़ा वर्ग के लोग एकत्रित होंगे और यहां से रोष मार्च निकालते हुए लघु सचिवालय पहुंचेंगे, जहां उपायुक्त को सीएम के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। इस बैठक में संरक्षक राम रतन कटारिया, जिले सिंह पाल, जय राम कश्यप, राजबीर जोगी, गुरनाम सिंह, ज्ञानचंद, बलबीर सिंह, मुकेश, जयपाल, जीतारामपाल, ऋषिपाल, सुभाष सरपंच, बलजीत सैनी, नायब सिंह सैनी, शिव दयाल, हाकम सिंह गुर्जर, वीर सिंह, रतन सिंह, धर्मबीर सैन, जयनारायण आदि मौजूद रहे।
सांसद पर हमला निंदनीय- सुुभाष सुधा
विधायक सुभाष सुधा ने कहा कि सांसद पर हमला निंदनीय है। इसके आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि अपनी बात रखने के दूसरे तरीके भी है,लेकिन इस प्रकार से हमला किया जाना बेहद गलत है।