मांझा फार्म के पास हरियाणा रोडवेज बस की टक्कर लगने से मोपेड चालक 45 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसका सात वर्षीय पोता गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान बीरा राम वासी लोहार माजरा के रूप में हुई, जो कि मेहनत मजदूरी करता था।
थाना केयूके में दर्ज शिकायत में रोशन लाल वासी लोहार माजरा ने कहा कि सुबह करीब साढ़े 9 बजे वह अपने भतीजे मनजीत के साथ अपने थ्री-व्हीलर में लोहार माजरा से पिहोवा की ओर जा रहे थे। जब वह लोहार माजरा बस अड्डा पर पहुंचा तो उसे उसका भतीजा बीरा राम अपने सात वर्षीय पोते अंश के साथ अपनी मोपेड पर मिला और बताया कि वह अंश को लेकर गांव भौर सैयदां जा रहा है। इसके बाद बीरा राम अपनी मोपेड पर पोते अंश के साथ अपनी साइड में भौर सैयदां की ओर जाने लगा। उसका भतीजा मोपेड पर उससे 100 मीटर आगे चल रहा था। जैसे ही वह मांझा फार्म के पास पहुंचे तभी सामने आ रही हरियाणा रोडवेज की बस के चालक तेज गति और लापरवाही से बस को चलाते हुए बीरा राम की मोपेड को रांग साइड में आकर टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही बीरा राम और उसका पोता अंश साइड में गिर गए और बेहोश हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मोपेड बस के अगले हिस्से में फंस गई। उसने तुरंत थ्री व्हीलर को रोका और उसने व मनजीत सिंह बीरा राम और अंश को संभाला। बीरा राम को सिर, मुंह व छाती पर गहरी चोट लगी थी तथा वह लहूलुहान हो चुका था। वहीं अंश को चेहरे, पसलियों व टांगों पर चोट आने से बेहोश हो चुका था।
राहगीरों ने सूचना देकर मौके पर एंबुलेंस को बुलाया और उन्हें सरकारी अस्पताल कुरुक्षेत्र पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद चंडीगढ़ रेफर कर दिया, मगर दोनों की नाजुक हालत को देखते वह उन्हेें कुरुक्षेत्र के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान बीरा राम की मौत हो गई है और अंश का इलाज चल रहा है। दुर्घटना के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है तथा शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।