संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। गांव दबखेड़ी पुल के पास नरवाना ब्रांच नहर में दोपहर के समय एक युवक का शव मिला। गोताखोर प्रगट सिंह की टीम ने नहर से शव को बाहर निकाला। मृतक की जेब से मिले आधार कार्ड की फोटो कॉपी व दो मोबाइल नंबरों से उसकी शिनाख्त दीपक (35) वासी धुराला के रूप में हुई।
दीपक बुधवार को सुबह 11 बजे से लापता था। दीपक गांव में ही एक हेयर ड्रेसर की दुकान पर काम करता था। दीपक पिछले चार-पांच दिन से काम पर भी नहीं जा रहा था। परिजनों ने मौके पर पहुंच कर शव की शिनाख्त की। पुलिस ने मामले में इत्तफाकिया रपट दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस के मुताबिक दीपक सुबह करीब 11 बजे घर से निकला था। वह गांव उदारसी के समीप से गुजर रही नहर के पास बैठा शराब पी रहा था। इसी दौरान पांव फिसलने से वह नहर में गिर गया। परिजन मौके पर पहुंचे तो वहां से दीपक की चप्पल बरामद हुई। गोताखोर प्रगट सिंह अपनी टीम सिंदर, नरेंद्र व गुरविंद्र के साथ नहर पर मौजूद थे।
उन्होंने गांव दबखेड़ी व ज्योतिसर के बीच शव को नहर में बहते देखा। टीम ने शव को किनारे पर लगाया और इसकी सूचना केयूके थाना पुलिस को दी। इस पर एसआई नरेश कुमार व ज्योतिसर पुलिस चौकी प्रभारी रामस्नेही मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया। मृतक की जेब से मिली आधार कार्ड की फोटोकॉपी व मोबाइल नंबर से उसकी शिनाख्त हुई। पुलिस ने दीपक के परिजनों से संपर्क कर उन्हें मौके पर बुलाया। गांव धुराला निवासी भूपेंद्र कुमार ने शव की शिनाख्त अपने भाई दीपक के रूप में की। पुलिस ने भाई के बयान पर इत्तफाकिया रपट दर्ज करके शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के हवाले कर दिया।