उप उष्ण कटिबंधीय फल केंद्र में 29 व 30 जून को फल उत्सव का आयोजन किया जाएगा। जिसमें विभिन्न प्रकार की आम की किस्मों को देखने का अवसर मिलेगा। कुरुक्षेत्र और आसपास के जिलों के किसान इस मेले में भाग लेंगे। यह किसान अपने-अपने बागों में लगाए गए आम के नमूने भी साथ लेकर आएंगे। इन विभिन्न प्रकार की किस्मों के आमों को मेले में लगाया जाएगा। अहम पहलू यह है कि इस फल उत्सव के दौरान इस केंद्र पर करीब 25 से 30 फर्मों द्वारा अपने स्टाल स्थापित किए जाएंगे, जिससे किसानों को बागवानी प्रबंधन की विभिन्न जानकारियां उपलब्ध हो पाएंगी। उप उष्ण कटिबंधीय फल केंद्र लाडवा में फल उत्सव की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इसके लिए बकायदा दो दिन का शेड्यूल भी तैयार कर लिया गया है। इस शेड्यूल के अनुसार रंगोली, क्विज, फैंसी ड्रेस, आम खाना आदि प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया जा रहा है। इस फल उत्सव में उप उष्ण कटिबंधीय फल केंद्र में पैदा की गई आमों की किस्मों को भी देखने का मौका मिलेगा।
बागवानी विभाग के उपनिदेशक डा. बिल्लू यादव ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी बागवानी विभाग की तरफ से फल उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। प्रदेश कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री जेपी दलाल 29 जून को इस फल उत्सव का शुभारंभ करेंगे। उन्होंने कहा कि इस फल उत्सव में किसानों को बागवानी विभाग की नवीनतम तकनीक से रूबरू करवाया जाएगा। विभिन्न फर्मों द्वारा अपने-अपने स्टॉल लगाकर बागवानी प्रबंधन के लिए विकसित यंत्रों, रसायनों सहित अन्य उत्पादों के बारे में किसानों को जानकारी दी जाएगी। इसके साथ किसानों के लिए तकनीकी विषय पर सेमिनार, प्रौद्योगिकी प्रदर्शनी, आम की विभिन्न किस्मों की प्रदर्शनी, केंद्र भ्रमण के साथ-साथ स्कूली बच्चों की विभिन्न प्रतियोगिताओं का भी आयोजन इस फल उत्सव के दौरान किया जाएगा।