करनाल। नशीली गोलियां बेचने के मामले में असंध सीआईए की टीम ने नशीली गालियां सप्लाई करने वाले चौथे आरोपी यूपी के जिला मेरठ के बमोरी गांव निवासी दीपक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को रविवार को अदालत में पेश किया। अदालत ने आरोपी का छह दिन का रिमांड मंजूर किया है। अब आरोपी से नशीली दवाईयों की तस्करी में शामिल अन्य आरोपियों और ठिकानों के बारे में पूछताछ की जाएगी। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपी दिल्ली की फार्मा कंपनी में नौकरी करता था और वहां से नशीली दवाईयां चोरी करके अपने साथियों को सप्लाई करता था।
सीआईए असंध प्रभारी सुलिंद्र सिंह ने बताया कि जांच अधिकारी सुरजीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने मामले में शामिल चौथे आरोपी दीपक शर्मा को गिरफ्तार किया है। मामले में असंध थाना में सात जुलाई को 25,740 लोमोटिल व अल्प्राजोलम नशीली गोलियां बेचने के मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस ने जांच के दौरान तीन आरोपियों प्रवीण कुमार, मेहरबान और नवीन शर्मा को गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान सामने आया था कि इनका एक और साथी दीपक शर्मा भी नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार में सक्रिय रूप से शामिल था। आरोपी दिल्ली की एक दवा कंपनी में कार्यरत था, जहां से नशीली गोलियां चोरी कर अपने साथियों को सप्लाई करता था। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।