कुरुक्षेत्र। सुबह और दोपहर के समय हुई बूंदाबांदी से ठंड में इजाफा हो गया। बुधवार को जहां सुबह नौ बजे ही सूर्यदेव ने दर्शन दिए थे तो वहीं वीरवार को पूरा दिन बादलों के बीच लुकाछुपी खेलते रहे। बूंदाबांदी से न्यूनतम और अधिकतम तापमान तीन डिग्री तक गिर गया। इसका असर भी देखने को मिला। सुबह के समय ही लोग अलाव का सहारा लेते दिखे।
विज्ञापन
वीरवार को अधिकतम तापमान 17 डिग्री तो न्यूनतम तापमान 10 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं शुक्रवार को अधिकतम तापमान 20 डिग्री रहने से मौसम में कुछ गर्माहट रहने के आसार है, वहीं न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस तक रहेगा। मौसम पूरी तरह से साफ नहीं रहेगा, हल्के बादल छाए रहेंगे वहीं मौसम विभाग के अनुसार अगले सप्ताह नववर्ष के बाद ठंड बढ़ने की उम्मीद है।
उधर, हल्की बूंदाबांदी से गेहूं और आलू की फसल को फायदा मिलेगा। किसानों का कहना है कि बूंदाबांदी से गेहूं का पौधा फुटाव करेगा, वहीं आलू की फसल को पाले से नुकसान हो सकता था, जिससे बचने के लिए खेतों में हल्की सिंचाई की जरूरत पड़ती है, मगर बूंदाबांदी से सिंचाई हो गई। अगर बारिश हुई तो फसलों को नुकसान हो सकता है।