धड़ल्ले से चल रहे ओवरलोडिंग वाहनों के खिलाफ सीएम फ्लाइंग पंचकूला की टीम ने शिकंजा कसा है। सीएम फ्लाइंग ने जीटी रोड पर उमरी चौक पर यह कार्रवाई की। टीम ने यहां पर सात ओवरलोड ट्रालों को कब्जे में लिया। इन ट्रालों में रेत लोड किया हुआ था। इन सातों ट्रालों को खनन विभाग के हवाले कर दिया गया।
जानकारी के मुताबिक जीटी रोड से लगातार ओवरलोड वाहनों के निकलने की शिकायतें मिल रही थी। इन शिकायतों पर कार्रवाई करने के लिए सीएम फ्लाइंग टीम ने उमरी चौक के पास नाकाबंदी करके नजर रखनी शुरू कर दी। जांच के दौरान टीम ने सात रेत से भरे ट्रालों को पकड़ा, जिनका वजन किया गया। इनमें क्षमता से अधिक रेत लोड किया गया था। कार्रवाई करते हुए टीम ने इन ट्रालों को जब्त कर लिया। मौके पर आरटीए विभाग के अधिकारियों को भी बुलाया गया।
खनन विभाग के हवाले किए ट्राले
सीएम फ्लाइंग की टीम ने इन ट्राले को खनन विभाग के हवाले कर दिया। खनन विभाग ने इन ट्रालों को जब्त कर लिया। विभाग ट्राला चालकों से पूछताछ कर रहा है कि रेत को कहां से लाया गया था तथा कहां लेकर जाया जा रहा था।