कुरुक्षेत्र। भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) कुरुक्षेत्र की वॉलीबॉल टीम ने अखिल भारतीय वॉलीबॉल टूर्नामेंट में हरियाणा पुलिस की टीम को हराकर प्रथम स्थान हासिल किया है। इस बड़ी उपलब्धि पर साई के प्रांगण में जश्न का माहौल नजर आया। इस टीम को आयोजकों की तरफ से एक लाख रुपये की नकद इनाम राशि भी दी गई है। जीत के बाद साई कुरुक्षेत्र में पहुंची टीम का जोरदार स्वागत किया गया और टीम के प्रशिक्षक राहुल सांगवान को बधाई और शुभकामनाएं भी दी गईं।
वॉलीबॉल टीम का स्वागत करने के लिए साई कुरुक्षेत्र की तरफ से एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस सम्मान समारोह में साई प्रभारी कुलदीप सिंह वडै़च ने टीम के कोच राहुल सांगवान, खिलाड़ी अमन कुमार, लवी कुमार, शेखर तुरण, दिग्विजय, अर्जुन, सोनू, अभिषेक व योगेश को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस टीम का कुरुक्षेत्र पहुंचने पर साई के पूर्व प्रभारी गुरविंद्र सिंह, पूर्व डीएसओ यशबीर सिंह, डीआईपीआरओ डाॅ. नरेंद्र सिंह, नरेंद्र ठाकुर, चांदराम, अरुण कुमार, नरेश कुमार सैनी, अजायब सिंह, जमन बहादुर सहित अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी खिलाड़ियों का स्वागत कर सम्मानित किया।
साई प्रभारी कुलदीप सिंह वड़ैच ने कहा कि वॉलीबॉल टीम साई कुरुक्षेत्र पिछले कई टूर्नामेंट में बेहतरीन और सराहनीय प्रदर्शन कर चुकी है। प्रशिक्षक राहुल सांगवान ने कहा कि लुधियाना में अखिल भारतीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन 15 व 16 अप्रैल को किया गया। इस प्रतियोगिता में देश की सर्वश्रेष्ठ आठ टीमों को आमंत्रित किया गया, जिसमें पंजाब पुलिस, हरियाणा पुलिस, रेलवे, एलपीयू विश्वविद्यालय, एसडी कॉलेज लुधियाना, साई कुरुक्षेत्र आदि शामिल थी। इस प्रतियोगिता में साई कुरुक्षेत्र ने पूल की तीन टीमों पंजाब पुलिस, एलपीयू विश्वविद्यालय, एसडी कॉलेज को पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
उन्होंने कहा कि सेमीफाइनल में साई कुरुक्षेत्र की टीम ने पंजाब पुलिस को तीन सेटों में पराजित किया। इन तीनों सेटों में कांटे की टक्कर रही। इस सेमीफाइनल को जीतने के बाद साई कुरुक्षेत्र की टीम का फाइनल मुकाबला हरियाणा पुलिस के साथ हुआ। इस फाइनल मुकाबले में साई कुरुक्षेत्र ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए मैच को आसानी से जीत लिया। इस जीत पर एक लाख रुपये की इनाम राशि भी विजेता टीम को दी है।