धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र 17 महीने आठ दिन के बाद कोरोना संक्रमण के चक्रव्यूह से आजाद हो गया है। इस जिले में सभी 21772 कोरोना पॉजिटिव मरीजों की रिकवरी हो चुकी है। अब कोरोना पॉजिटिव मरीजों का आंकड़ा शून्य है। जिले में कोविड का पहला केस 6 अप्रैल 2020 को सेक्टर-7 से मिला था। इसके बाद जिले में 22128 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली, जिसमें से 21772 पॉजिटिव मरीज ठीक हो चुके है और 356 कोविड मरीजों दम तोड़ गए।
डीसी मुकुल कुमार ने मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट और बुलेटिन का अवलोकन करने के उपरांत स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि मंगलवार को जिला कोरोना मुक्त हुआ है, लेकिन अभी भी इस स्थिति को बरकरार रखने की जरूरत है। सभी लोग सख्ती से कोविड-19 की गाइडलाइन का पालन करेंगे। जिले में चार लाख 88 हजार 570 लोगों की कोविड रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है। वहीं सीएमओ डॉ. संत लाल वर्मा ने कहा कि अभी तक लिए गए 512321 में से 488570 सैंपलों की रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है। जिले का रिकवरी रेट 98.39 पर है और सैंपल पॉजिटिव रेट घटकर 4.33 पर पहुंच गया है। इस प्रकार अब जिले में कोरोना एक्टिव केसों की संख्या शून्य है। जिले में अलग-अलग स्वास्थ्य केंद्रों पर आरटी पीसीआर और रैपिड एंटीजन के कुल 1852 सैंपल लिए गए है, जिनमें आरटी पीसीआर के 1787 व रैपिड एंटीजन के 65 सैंपल शामिल है। मंगलवार को किसी भी व्यक्ति की कोविड रिपोर्ट पॉजिटिव नहीं आई है बल्कि एक कोविड मरीज को ठीक होने पर डिस्चार्ज किया गया है।