संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय और चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय सिरसा के भौतिकी विभागों के बीच एक समझौता हुआ है, जिसके तहत दोनों विभाग अनुसंधान सुविधाओं को एक-दूसरे के साथ साझा करेंगे। केयू की ओर से कुलसचिव डॉ. संजीव शर्मा और सीडीएलयू सिरसा की ओर से कुलसचिव डॉ. मोनिका वर्मा ने समझौते पर हस्ताक्षर किए।
केयू के कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने बताया कि इस एमओयू के जरिये अनुसंधान और शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए शोध छात्रों और संकायों का आदान-प्रदान होगा। शिक्षा एवं विज्ञान के क्षेत्र में शैक्षणिक संस्थानों से एमओयू वर्तमान समय की जरूरत है। उन्होंने कहा कि इस एमओयू के माध्यम से संकायों के आदान-प्रदान, अतिथि व्याख्यान कार्यक्रम, सहयोगी अनुसंधान व अनुसंधान परियोजनाओं का प्रस्तुतीकरण और निष्पादन, उच्च प्रदर्शन प्रशिक्षण के विकास के विभिन्न क्षेत्रों में बौद्धिक विचार और तकनीकी सहायता साझा की जाएगी। यह समझौता ज्ञापन पांच साल के लिए प्रभावी होगा।
सीडीएलयू के कुलपति प्रो. अजमेर मलिक ने कहा कि यह एमओयू दोनों विश्वविद्यालयों के लिए शिक्षा, शोध एवं विज्ञान के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि यह एमओयू इस विभाग के शिक्षक एवं विद्यार्थियों के साथ-साथ दोनों विश्वविद्यालयों को भी लाभकारी सिद्ध होगा। इस अवसर पर केयू की डीन एकेडमिक अफेयर प्रोफेसर मंजूला चौधरी, डॉ. धर्मबीर सिंह, प्रो. फकीर चंद, प्रो. आरके मौदगिल, प्रो. संजीव अग्रवाल, प्रो. अन्नू शर्मा, डॉ. सुमन महेंदिया, डॉ. हरदेव सिंह आदि उपस्थित रहे।