संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में चल रही नॉर्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी खो-खो महिला चैंपियनशिप में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की महिला खो-खो टीम ने जीत हासिल कर ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी के लिए क्वालीफाई कर लिया है। टीम ने इस स्पर्धा में चौधरी चरण सिंह यूनिवर्सिटी, मेरठ को 19-03 से हराया।
केयू की टीम ने अब यूनिवर्सिटी ऑफ मैसूर में 5 से 7 जुलाई को आयोजित होने वाली ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी स्पर्धा में भाग लेगी। इससे पहले कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की टीम ने अपने पहले लीग मैच में चंडीगढ़ विश्वविद्यालय को 09-03 से मात दी थी। इस दौरान खो-खो टीम में शामिल खिलाड़ियों मीनू, अनु, निकिता, राखी, प्रियंका, जयवती व रेनू ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
नॉर्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी प्रतियोगिता के अगले दो मुकाबले एमडी यूनिवर्सिटी रोहतक के साथ 22 जून की शाम को एवं लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के साथ 23 जून को सुबह होंगे। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर सोमनाथ सचदेवा और कुलसचिव डॉ. सजीव शर्मा ने टीम के खिलाड़ियों और कोच रविंदर और मैनेजर मिस संगीता को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी।