कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के जनसंचार एवं मीडिया प्रौद्योगिकी संस्थान की ओर से फैकल्टी लॉज में दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय कार्यशाला हुई। कार्यशाला का विषय डिजाइनिंग टूल्स ऑफ प्रिंट ग्राफिक्स है। इस अवसर पर डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रोफेसर मंजुला चौधरी ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय नई शिक्षा नीति के तहत आगे बढ़ रहा है जिसमें ग्राफिक्स एवं प्रिंटिग के पाठ्यक्रम इंडस्ट्री के अनुरूप ही तैयार किए जा रहे हैं। केयू का एंटरप्रेन्योर सेल विद्यार्थियों को स्टार्टअप लगाने के लिए भारत सरकार के सहयोग से हर संभव प्रयास कर रहा है, जिससे विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर बनने में बल मिलेगा।
कार्यशाला में वर्ल्ड प्रिंट एंड ग्राफिक्स एंड कम्युनिकेशन के अध्यक्ष प्रो. कमल चोपड़ा ने कहा कि प्रिंटिंग इंडस्ट्री मानव इतिहास के सर्वोत्तम आविष्कारों में एक है, जिसने सबसे ज्यादा तकनीकी के रूप में स्वयं को भी आगे बढ़ाया है। डिजाइनिंग हर जगह मौजूद है, साथ ही प्रिंटिंग प्रत्येक प्रकार की चीजों की जननी है।
प्रोफेसर सुमिता चित्ते डीन वर्ल्ड यूनिवर्सिटी ऑफ डिजाइनिंग, सोनीपत ने मुख्य वक्ता के रूप में कहा कि प्रिंटिंग एंड ग्राफिक्स के विद्यार्थियों को वर्तमान समय में तकनीकी में कुशलता हासिल करनी होगी ताकि वे अपना स्वर्णिम कॅरिअर बना सकें। इस अवसर पर सहसंयोजक राहुल अरोड़ा, सहायक प्रोफेसर डॉ. अशोक कुमार, डॉ. मधुदीप सिंह, रोमा सिंह, डॉ. आबिद अली, डॉ. अभिनव, डॉ. तपेश किरण, डॉ. प्रदीप कुमार, डॉ. रोशन मस्ताना, संगीता, अपर्णा, कंचन शर्मा, सचिन वर्मा, अमित जांगड़ा, एवं जितेंद्र रोहिला मौजूद रहे।
प्रिंट और डिजाइनिंग इंडस्ट्री का व्यापक स्तर पर हुआ विकास
पीटर डेक्कर, अध्यक्ष एसोसिएशन ऑफ प्रिंटर्स श्रीलंका ने कहा कि श्रीलंका में पिछले 50 वर्षों में प्रिंट एवं डिजाइनिंग इंडस्ट्री ने व्यापक विकास किया है, जिससे उसने इस क्षेत्र में अन्य दूसरों देशों की तकनीकी मदद ली है। अहमद मुघीर नुरहानी, अध्यक्ष आईपी मीडिया एसोसिएशन इंडोनेशिया, ने ‘डिजाइन इन प्रिंट इंडस्ट्री इन इंडोनेशिया’ विषय पर बोलते हुए कहा कि इंडोनेशिया प्रिंटिंग एंड डिजाइनिंग के क्षेत्र कुटीर उद्योगों, बड़ी कंपनियों को एक श्रृंखला में बांधते हुए आगे बढ़ रहा है, जिससे रोजगार का अवसर तो बढ़ता ही है साथ ही उपभोक्ताओं को अच्छी सेवाएं प्रदान करता हुए उन्हें संतुष्टि प्रदान करता है।
पीपीटी के माध्यम से विद्यार्थियों को दी जानकारी
जनसंचार एवं मीडिया प्रौद्योगिकी संस्थान की निदेशिका प्रो. बिंदु शर्मा ने बताया कि विशेषज्ञों के माध्यम से प्रिंटिंग और डिजाइनिंग क्षेत्र में आ रहे नए बदलावों को जानने का मौका मिलेगा। विवेक चौधरी, सहायक मैनेजर, हैवल पैकेजिंग नोएडा ने पैकेजिंग डिजाइनिंग को पीपीटी के माध्यम से विद्यार्थियों को तकनीकी पहलुओं पर जानकारी दी। कार्यक्रम के संचालक कंवरदीप शर्मा ने कहा कि विद्यार्थियों को इस कार्यशाला के माध्यम से प्रिंटिंग एवं ग्राफिक्स के तकनीकी पहलुओं, सॉफ्टवेयर के संबंध में देश-विदेश के विख्यात प्रिंट एवं ग्राफिक्स विशेषज्ञों के अनुभव से सीखने का अवसर मिलेगा।