कुरुक्षेत्र। कोरोना महामारी के खिलाफ छिड़ी जंग में स्वास्थ्य विभाग टीकाकरण का सौ फीसदी लक्ष्य को हासिल करने के लिए भरसक प्रयास कर रहा है। कोरोना रोधी पहली व दूसरी डोज से वंचित रहे लोगों को स्वास्थ्य विभाग हर घर दस्तक अभियान के तहत टीका लगा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग जिले में अभी तक 97 फीसदी लोगों को पहली और 82 फीसदी को दूसरी डोज लगा पाया है। विभाग ने 14 से 17 आयु वर्ग के किशोरों को भी टीकाकरण करने में 90 फीसदी लक्ष्य हासिल किया है। जिले में अभी तक कुल 13 लाख 70 हजार 415 कोरोना रोधी खुराक दी जा चुकी है। इसमें सात लाख 55 हजार 269 पहली, छह लाख नौ हजार 604 दूसरी, 5542 को प्रीकॉशन डोज दी जा चुकी है।
विज्ञापन
जिला नोडल अधिकारी एवं उप सिविल सर्जन डॉ. अनुपमा सिंह का कहना है कि स्वास्थ्य विभाग का फोकस दूसरी डोज से वंचित लोगों को सुरक्षा कवच पहनाना है। साथ ही स्वास्थ्य विभाग 15 वर्ष से अधिक आयु वर्ग को कोरोना रोधी टीका लगाने के लिए भरसक प्रयास कर रहा है। जागरूकता की कमी के कारण लोग टीका लगवाने के लिए पहल नहीं कर रहे।
स्वास्थ्य विभाग लगातार जागरूक कर रहा है और हर घर दस्तक अभियान के तहत लोगों को कोरोना वैक्सीन लगाई जा रही है। साथ ही विद्यालयों में विशेष शिविर आयोजित कर किशोरों को पहली व दूसरी डोज लगाई जा रही है। विभाग की ओर से सोमवार को एलएनजेपी अस्पताल सहित 96 स्थानों पर कोरोना वैक्सीन की पहली व दूसरी डोज लगाई जाएगी।