बाबैन। कांग्रेस पार्टी ने लाडवा हल्के के वरिष्ठ कांग्रेस नेता कंवरदीप सैनी पर विश्वास जताते हुए उन्हें ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के ओबीसी विभाग का राष्ट्रीय वाइस चेयरपर्सन नियुक्त किया है। कार्यकर्ताओं का दावा है कि यह नियुक्ति न केवल हरियाणा प्रदेश कांग्रेस के लिए गौरव का विषय है बल्कि ओबीसी समाज की राजनीति एवं संगठनात्मक मजबूती की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी है।
अपनी नियुक्ति पर कंवरदीप सैनी ने कांग्रेस उच्च नेतृत्व के प्रति आभार जताया और कहा कि यह जिम्मेदारी उनके लिए सम्मान के साथ-साथ देशभर के ओबीसी समाज के हितों एवं अधिकारों की लड़ाई को और मजबूती देने का अवसर भी है। उन्होंने अपनी नियुक्ति का श्रेय राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राष्ट्रीय कांग्रेस ओबीसी विभाग के चेयरपर्सन अनिल जय हिंद, हरियाणा कांग्रेस के प्रभारी बीके हरिप्रसाद सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं को दिया है।
कंवरदीप सैनी ने कहा कि वे कांग्रेस के संगठन के प्रति अपनी निष्ठा, प्रतिबद्धता और ऊर्जा के साथ कार्य करेंगे और राहुल गांधी की ओर से न्याय और समानता के जो संकल्प देश के सामने रखे गए हैं, उन्हें जमीनी स्तर पर मजबूत करने का निरंतर प्रयास करेंगे। उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि वे ओबीसी समुदाय की आवाज को राष्ट्रीय स्तर पर सशक्त रूप से उठाने, उनके सामाजिक-आर्थिक सशक्तीकरण के लिए ठोस पहल करने और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए पूरी लगन से काम करेंगे।