इस्माईलाबाद। शहर में स्थायी बस स्टैंड व क्यू शेल्टर न होने से यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। धूप, बारिश व सर्दी के मौसम में यात्रियों को बस का इंतजार खुले आसमान के नीचे खड़े होकर करना पड़ता है। इस समस्या से यात्रियों को कब छुटकारा मिलेगा, इस सवाल का जवाब फिलहाल किसी के पास नहीं है।
शहर में स्थायी बस स्टैंड की मांग शहरवासी लंबे समय से करते आ रहे हैं लेकिन चुनावों के समय तो इस मुद्दे को विशेषता से उठाया जाता है, जिसके बाद मामला ठंडे बस्ते में चला जाता है। रोडवेज विभाग जगह उपलब्ध कराने के लिए तथा नगरपालिका जगह चिह्नित करने की बात कहकर पल्ला झाड़ देते हैं लेकिन समस्या का पुख्ता समाधान निकालने की ओर आज तक कोई विशेष कदम नहीं उठाया गया है।
यात्री सुरजीत कुमार, सन्नी, विजय कुमार, अनिल, मनदीप आदि ने बताया कि शहर में स्थायी बस स्टैंड न होने से लोगों को काफी दिक्कत हो रही है। अस्थायी बस स्टैंड पर न तो पीने के पानी की कोई व्यवस्था और न ही कोई शौचालय की कोई व्यवस्था है, जिससे महिला यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा अस्थायी बस स्टैंड पर कोई क्यू शेल्टर भी नहीं बनाया गया है। धूप, बारिश व सर्दी के मौसम में खुले में खड़े रह ही बसों का इंतजार करना पड़ता है।
बस चालकों की मनमानी भी जारी
इसके अलावा यात्रियों ने बताया कि शहर में स्थायी बस स्टैंड न होने से बस चालक अपनी मर्जी के चलते आगे पीछे बसे रोकते हैं, जिससे यात्रियों को बस पकड़ने में काफी भागदौड़ करनी पड़ती है। कई बार यात्री गिर कर चोटिल भी हो चुके हैं। कई बार तो बस चालक बाईपास से ही बस ले जाते हैं लेकिन विभाग व नगर पालिका शहर में स्थायी बस स्टैंड बनाने की तरफ कोई ध्यान नहीं दे रही है।
जल्द जगह कर ली जाएगी चिह्नित : अध्यक्ष
बस स्टैंड को लेकर नगरपालिका अध्यक्ष मेघा बंसल का कहना है कि जल्द ही जगह चिह्नित करने के लिए मंजूरी मिल जाएगी। शहर में जल्द ही स्थायी बस स्टैंड बन जाएगा।