कुरुक्षेत्र। हरियाणा सरस्वती धरोहर विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष धुमन सिंह किरमच ने कहा कि प्रदेश में तालाब के किनारे सोलर सिस्टम लगाएं जाएंगे और इन सोलर सिस्टम से पंप चलाकर तालाबों के आसपास खेतों की सिंचाई का कार्य किया जाएगा। इस योजना के तहत पायलट प्रोजेक्ट गांव किरमिच में लगाया गया है।
इस कार्य को हरियाणा तालाब प्राधिकरण के सहयोग से किया जा रहा है। सरस्वती धरोहर विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष ने तालाब प्राधिकरण के उपनिदेशक एसपी शर्मा सहित पंचायती राज संस्थाओं के अधिकारियों ने गांव किरमिच के तालाब का निरीक्षण करके सोलर सिस्टम का निरीक्षण किया। उपाध्यक्ष ने कहा कि गांव किरमिच में तालाब के किनारे पायलट प्रोजेक्ट के तहत 100 एकड़ जमीन की सिंचाई करने के लिए सोलर सिस्टम लगाया गया है।
अब इस सोलर सिस्टम को अपग्रेड करके 200 एकड़ की सिंचाई करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल की ओर से इस प्रोजेक्ट को पूरे प्रदेश में शुरू किया जाएगा। सोलर सिस्टम को सभी तालाबों के किनारे लगाया जाएगा ताकि सोलर सिस्टम से पंप चलाकर सिंचाई के लिए पानी ा उपयोग किया जा सके। इससे गांवों में पानी के ओवर फ्लो की समस्या से भी छुटकारा मिल पाएगा। इस मौके पर पूर्व तहसीलदार रामचंद्र, प्रेम चंद, हाकम सिंह आदि उपस्थित रहे।