कुरुक्षेत्र। खरीफ सीजन 2025-26 के दौरान संबंधित राइस मिलों द्वारा चावल का भुगतान समय पर किया जाए। जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग द्वारा आयोजित जिला मीलिंग कमेटी की बैठक की अध्यक्षता करते हुए संबंधित अधिकारियों को उपायुक्त विश्राम मीणा ने निर्देश दिए।
उन्होंने खरीद एजेंसी और भारतीय खाद्य निगम के अधिकारियों को कहा कि तय समय सीमा के अंदर ही चावल का भुगतान होना चाहिए। राइस मिलरों को निर्धारित समय पर लिंकेज और स्पेस मुहैया कराते हुए सीएमआर डिलीवरी लेना भी सुनिश्चित करें। जिला की 25 मंडियों में रबी सीजन 2026-27 के दौरान गेहूं खरीद का कार्य शुरू हो चुका है। इससे संबंधित गेहूं का उठान निर्धारित समय अवधि में हो ताकि मंडियों में किसानों द्वारा विक्रय उनके गेहूं के समर्थन मूल्य की अदायगी समय पर हो सके।
किसी भी समस्या का समाधान करने के लिए डीएफएससी विभाग द्वारा हेल्प डेस्क-01744-294418 जारी किया है। कोई भी किसान अपनी समस्या को बताकर समाधान करा सकता है। इस अवसर पर एडीसी विवेक आर्य, एसडीएम अमन कुमार, एसडीएम अनुभव मेहता, डीएसपी सुनील कुमार और डीएफएससी नरेश कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।