अब एक ही एप के जरिये प्रदेश सरकार की ओर से दी जाने वाली सेवाएं और सूचनाओं की जानकारी मोबाइल पर भी प्राप्त हो सकती हैं। इसके लिए प्रदेश सरकार ने जन सहायक हेल्प मी एप शुरू की है। इस एप का इस्तेमाल करने के लिए मोबाइल नंबर या परिवार पहचान पत्र से रजिस्ट्रेशन कराना जरूरी है।
बातचीत करते हुए एसडीएम सोनू राम ने बताया कि नागरिकों को विभाग अनुसार एवं सरल पोर्टल पर उपलब्ध सेवाओं की जानकारी जन सहायक एप पर मिलेगी। इस एप पर 112 आपातकालीन सेवाएं, 100 पुलिस, 108 एंबुलेंस, 101 अग्निशमन, 104 स्वास्थ्य, 1091 महिला हेल्पलाइन, 1098 बाल हेल्पलाइन, 1075 कोविड-19 हेल्पलाइन सहित अन्य सेवाओं के रूप में निविदाएं, बिल भुगतान, यात्रा, नौकरियां, खेल, आधारभूत संरचना व कौशल विकास और सरल सेवाएं, विभागवार सेवाएं, यूजर्स सेवाएं व जन शिकायत एवं आरटीआई की सेवाएं व सूचनाएं जन सहायक एप पर उपलब्ध हैं। कहा कि साथ ही एप पर नवीनतम समाचार, कैलेंडर एवं कार्यक्रम, सरकार की नवीनतम उपलब्धियां और घोषणाओं सहित सरकारी दूरभाष निर्देशिका भी मौजूद है, जिसका प्रयोग लोग अपने मोबाइल के माध्यम से उठा सकते हैं।