संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। अवैध तरीके से प्रदेश में आए बांग्लादेशी नागरिकों अब सरकार निष्कासित करने के लिए कदम उठाने लगी है। इसी कड़ी में पुलिस ने भी जिले में रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों की पहचान करनी शुरू कर दी है। पुलिस झुग्गी झोपड़ी व अन्य संदिग्ध जगहों पर जाकर संदिग्ध लोगों की पहचान करने में लगी हुई व साथ ही आमजन से अपील की है कि अगर ऐसे लोग आसपास दिखाई दे पुलिस को सूचित करें।
पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल ने कहा कि अनाधिकृत रूप से किसी को भी रहने की छूट नहीं है। जिला पुलिस द्वारा ऐसे लोगों के खिलाफ सर्च अभियान चलाया जा रहा है। सभी थाना प्रबंधकों को निर्देश दिए गए हैं कि वह अपने-अपने क्षेत्र में सरकार द्वारा जारी आदेश के अनुसार अप्रवासी बांग्लादेशी नागरिकों की पहचान करके उनको वापस भेजने की प्रक्रिया अमल में लाए। उधर पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी आदेश में कहा गया है कि सभी थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्र में स्थित फैक्ट्रियों, उद्योगों, चल रहे निर्माण कार्यों, ईंट भटठों, होटलों, धर्मशालाए, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, ब्रह्मसरोवर, सराय, किराये के मकानों, रेहड़ी आदि पर बतौर मजदूर, घरेलू नौकर, झुग्गी झोपडी, बस्तियों या अन्य स्थानों पर ऐसे नागरिकों को चेक करेंगे। आधार कार्ड संदिग्ध मिलने की सूरत में उसे बायोमैट्रिक से चैक किया जाएगा।
इसके साथ सभी भट्टा मालिकों, राइस मिल मालिकों तथा अन्य व्यावसायिक संस्थानों से अपील है कि अपने संस्थानों में काम करने वाले मजदूरों और कर्मचारियों का पूरा ब्योरा अपने पास रखें तथा पुलिस को भी सूचना दें।