कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी के छात्रावासों में हुड़दंगबाजी और मारपीट की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही है। वीरवार रात एक बजे 20 से 25 युवक रणबीर हॉस्टल के कमरा नंबर-21 में घुस गए और यहां सो रहे प्रदीप, गुरिंदर सिंह मान और दिलबार पर जानलेवा हमला कर दिया।
इन्हें लहूलुहान करने के बाद हमलावर वहां से फरार हो गए। प्रदीप व उसके दोनों साथियों के अनुसार हमलावर डंडों, लाठियों व अन्य हथियारों से लैस थे। वहीं सूचना मिलने पर सुरक्षा वार्डन डॉ. सुरेश ड्रोलिया घटनास्थल पर पहुंचे। सारी घटना की जानकारी लेने के बाद डॉ. ड्रोलिया मौके पर करीब सुबह चार बजे तक डटे रहे।
हमले में जख्मी हुए प्रदीप ने बताया कि वे अपने कमरा नंबर-21 में सो रहे थे कि अचानक करीब एक-डेढ बजे कुछ युवकों ने पिछले दरवाजे के पास खिड़की का शीशा तोड़ दिया। शीशा तोड़ने के बाद इन्होंने हाथ डालकर दरवाजे की कुंडी खोली और अंदर घुस आए। अंदर घुसते ही इन्होंने उन पर डंडों, लाठियों व अन्य हथियारों से हमला बोल दिया। उन्हें लहूलुहान करने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
वहीं सूचना मिलते ही सुरक्षा वार्डन डॉ. सुरेश ड्रोलिया वहां पहुंचे। छानबीन करते हुए उन्होंने जख्मी हुए छात्रों से घटना की पूरी जानकारी लेने का प्रयास किया, लेकिन वे कुछ नहीं बोले। उधर तीनों छात्रों का लोक नायक जयप्रकाश अस्पताल में उपचार कराया गया। डॉ. ड्रोलिया ने बताया कि उन्होंने अपनी रिपोर्ट चीफ वार्डन डॉ.सतदेव को सौंप दी है। जब इस बारे में डॉ. सतदेव से बात की गई, तो उन्होंने कहा कि वे किसी कार्यक्रम में है और रिपोर्ट के आधार पर अगली कार्रवाई होगी।
पहले भी भिडे़ थे ये दोनों गुट
सुरक्षा वार्डन डॉ. सुरेश ड्रोलिया ने अमर उजाला को बताया कि ये दोनों गुट कुछ दिन पहले भी भिडे़ थे। उनके अनुसार उन्हें पता चला कि घायल हुए प्रदीप ने अपने साथियों सहित पहले कुछ छात्रों के साथ मारपीट की थी और रात होने के बाद इन्हीं छात्रों ने कमरा नंबर-21 में हमला कर दिया। प्रोक्टर डॉ. सुरेश ड्रोलिया के अनुसार हमले में घायल हुए गुरिंदर पर कई आरोप हैं। यह छात्र पहले से ही सुर्खियों में है। इस पर छेड़छाड़ और अभद्र व्यवहार करने के आरोप शिक्षक भी लगा चुके हैं।
तीनों छात्र हुए हैं गंभीर रूप से घायल
हमलावरों ने प्रदीप, गुरिंदर व दिलबार को गंभीर रूप से जख्मी किया है। प्रदीप के सिर में अलग-अलग स्थानों पर 14 टांके लगे हैं, जबकि बाजू में भी चोट आई है। इसके अलावा दिलबार के होंठ पर टांके लगाए गए हैं, गुरिंदर की दोनों कलाइयों व हाथ में गंभीर चोट आई है। इसे भी डॉक्टर ने टांके लगाकर पट्टी की है। बता दें कि प्रदीप और गुरिंदर एलएलबी फाइनल तथा दिलबार एमबीए प्रथम वर्ष का छात्र है।