कुरुक्षेत्र। हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी को लेकर विवाद अभी थमता दिखाई नहीं दे रहा है। अब कार्यवाहक प्रधान भूपिंदर सिंह असंध की अगुवाई में चल रही कमेटी के सदस्य मुखर होने लगे हैं। यहां तक कि कमेटी के वरिष्ठ सदस्य जत्थेदार सुखविंदर सिंह मंडेबर ने जनरल इजलास तुरंत बुलाकर स्थायी अध्यक्ष, महासचिव व कार्यकारिणी का चुनाव कराए जाने की मांग उठाई है। इसके लिए सात अक्तूबर तक का समय दिया गया है तो स्पष्ट किया गया है कि कमेटी के पदाधिकारी इसमें विफल रहे तो सदस्य प्रधान कार्यालय में ही एकत्रित होंगे और स्थायी प्रधान, महासचिव व कार्यकारिणी का चयन कर लिया जाएगा। इसको लेकर उन्होंने बाकायदा कार्यवाहक अध्यक्ष भूपिंदर सिंह असंध को पत्र लिखा है।
मंडेबर ने बताया कि पिछले दिनों कमेटी के अध्यक्ष महंत करमजीत सिंह और महासचिव गुरविंदर सिंह धमीजा ने अपने पदों से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद की स्थिति को देखते हुए प्रदेश सरकार ने छह सितंबर को एक आदेश जारी कर एडहॉक कमेटी के जरनल हाउस के फैसले तक भूपिंदर सिंह असंध को कार्यवाहक अध्यक्ष और रमणीक सिंह मान को कार्यवाहक महासचिव का कार्यभार सौंपा था। गृह सचिव ने कार्यवाहक अध्यक्ष और महासचिव को पूरे मामले को एडहॉक कमेटी के संज्ञान में लाकर आगे की कार्रवाई करने को कहा था।
मंडेबर ने कहा कि गुरुद्वारा एक्ट 2014 के मुताबिक हरियाणा कमेटी के पदाधिकारियों का चुनाव करना जनरल हाउस का अधिकार है। प्रदेश सरकार का अधिकार केवल तदर्थ समिति बनाने का था और अब पदाधिकारी चुनने का अधिकार तदर्थ समिति के सदस्यों को है। इसलिए जल्द ही इस अधिकार का प्रयोग कर हरियाणा कमेटी के कामकाज को सुचारू रूप से चलाने के लिए स्थायी अध्यक्ष, महासचिव और कार्यकारिणी का चुनाव करना चाहिए।
प्रदेश सरकार से भी की अपील
जत्थेदार मंडेबर ने प्रदेश सरकार से अपील करते हुए कहा कि गुरुद्वारा एक्ट 2014 के अनुसार जरनल हाउस के सदस्यों को हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी के पदाधिकारियों को चुनने का अधिकार है, जिससे उन्हें वंचित न किया जाए।
प्रधान भूपिंदर सिंह असंध बोले, नहीं मिला कोई पत्र
कमेटी प्रधान भूपिंदर सिंह असंध का कहना है कि अभी उन्हें ऐसा कोई पत्र नहीं मिला है। कमेटी सही रूप से कामकाज कर रही है और किसी भी प्रकार का कोई विरोध नहीं है। उधर, प्रवक्ता कंवलजीत सिंह अजराना ने भी पत्रकारवार्ता में कहा कि कमेटी में किसी प्रकार का विरोध नहीं है। प्रधान भूपिंदर सिंह असंध की अगुवाई में बेहतर कार्य किए जा रहे हैं। पहले अटके हुए प्रोजेक्ट पूरे किए जा रहे हैं।