...मैं अपनी बीमारी के कारण मर रहा हूं। होटल के कमरे की दीवार पर अपने खून से यह शब्द लिखकर लुधियाना के होजरी व्यापारी ने अपनी दोनों कलाई की नसें काटकर आत्महत्या कर ली। मृतक की शिनाख्त मुकेश (43) निवासी सैयदा चौक लुधियाना के रूप में हुई। सूचना पाकर पुलिस ने मौके से खून से लथपथ शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर सैंपल भी एकत्रित कराए। पुलिस को मौके से एक ब्लेड और बस की टिकट बरामद हुई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार
जानकारी के मुताबिक मुकेश ने रात करीब साढ़े आठ बजे जीटी रोड पर शाहाबाद के पास होटल में एक रात के लिए कमरा किराए पर लिया था। दोपहर तक मुकेश ने कमरा नहीं छोड़ा तो होटल स्टाफ ने बातचीत के लिए दरवाजा खटखटाया। काफी देर तक कमरे के अंदर से मुकेश ने कोई जवाब नहीं दिया तो स्टाफ को कुछ शक हुआ। स्टाफ ने दूसरी चाबी से कमरा खोला तो अंदर मुकेश का शव खून से लथपथ कुर्सी पर पड़ा हुआ था। कमरे की दीवार पर खून से सुसाइड नोट भी लिखा था। स्टाफ ने तुरंत मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर फॉरेंसिक टीम से सैंपल एकत्रित कराए।
व्यापार में घाटा होने के चलते था मानसिक परेशान : बृज कुमार
पुलिस को दिए बयान में बृज कुमार ने बताया कि उसका भाई होजरी व्यापारी था। व्यापार में घाटा होने के कारण वह मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। 19 सितंबर शाम करीब पांच बजे वह अपना मोबाइल घर पर ही छोड़कर बगैर किसी को कुछ बताए लापता हो गया था। काफी तलाश के बाद उसके बारे में कोई जानकारी नहीं मिली। अब उनको पुलिस ने जानकारी दी कि उसके भाई ने कलाई की नसें काटकर आत्महत्या कर ली।
इत्तेफाकिया रपट पर हुई कार्रवाई : राजपाल
थाना शाहाबाद प्रबंधक राजपाल ने बताया कि पुलिस को मौके से ब्लेड और बस की टिकट बरामद हुई है। मुकेश बस से उतरकर सीधा होटल में आया था। होटल से उसकी फुटेज भी बरामद हुई है। पुलिस ने उसके भाई के बयान पर इत्तेफाकिया रपट दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के हवाले कर दिया। पुलिस गहनता से मामले की छानबीन कर रही है।