कुरुक्षेत्र। हाय गर्मी...थोड़ी सी तो दिखा नर्मी, ये शब्द इन दिनों हर किसी की जुबान पर है। भीषण गर्मी से धरती तप रही है और पारा पिछले चार दिन से 44 डिग्री के पार बना है। इंसान तो क्या जानवर भी पानी की तलाश में इधर-उधर भटकते नजर आते हैं।
सूरज लगातार अपना रौद्र रूप दिखा रहा है। सोमवार को दोपहर का अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो इस दिन पिछले तीन वर्ष की तुलना में सबसे अधिक रहा। छह जून 2019 को अधिकतम तापमान 44 डिग्री, 2020 को 36 डिग्री और 2021 को तापमान 38 डिग्री सेल्सियस रहा था।
इन दिनों भीषण गर्मी से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। सुबह 10 बजते ही सड़कों पर सन्नाटा छा जाता है। तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। सोमवार को तो ऐसा प्रतीत हो रहा था जैसे आसमान से आग बरस रही हो। गर्मी के कारण लोग घरों से निकलने में परहेज करने लगे हैं। साथ ही दिन के समय चलने वाली लू ने लोगों की परेशानी को बढ़ा दिया है।
गर्म हवाओं के कारण लोगों का पसीना निकल रहा है। लोग पूरे शरीर को कपड़ों से ढककर घरों से निकलने को मजबूर हैं। गर्मी का प्रकोप बढ़ने के साथ ही दिन के समय शहर व गांवों की सड़क व गलियां सुनसान हो जाती हैं। गलियों में इक्का-दुक्का लोग ही नजर आते हैं। मौसम विभाग के अनुसार अभी 10 दिन राहत की कोई संभावना नहीं है।
आगामी दिनों का संभावित तापमान
दिन--------तापमान
मंगलवार-----44/28
बुधवार-------44/29
वीरवार-------43/28
शुक्रवार-------43/29
शनिवार------43/29
रविवार-------42/29
सोमवार------42/29