कुरुक्षेत्र। हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ 21 मार्च को रोहतक के कर्मचारी भवन, सुखपुरा चौक में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन करने जा रहा है। कार्यक्रम सुबह 10:30 बजे शुरू होगा जिसमें राज्य, जिला और खंड स्तर के निर्वाचित पदाधिकारी और शिक्षा से जुड़े सक्रिय लोग भाग लेंगे।
कार्यशाला में शिक्षा से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी। इसमें राष्ट्रीय पाठ्यक्रम ढांचा (एनसीएफ) 2023, शहीदी दिवस की वर्तमान समय में प्रासंगिकता और टेट (टीईटी) के संभावित खतरों और शिक्षकों की भूमिका जैसे मुद्दों पर विस्तार से मंथन होगा। कार्यक्रम में दिल्ली विश्वविद्यालय की प्रोफेसर अनीता रामपाल ''राष्ट्रीय पाठ्यक्रम ढांचा 2023'' विषय पर अपने विचार रखेंगी। हरियाणा ज्ञान विज्ञान समिति के अध्यक्ष डॉ. प्रमोद गौरी ''शहीदी दिवस व उसकी वर्तमान दौर में प्रासंगिकता'' विषय पर व्याख्यान देंगे। वहीं स्कूल टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष सीएन भारती ''टेट के संभावित खतरे व हमारी भूमिका'' विषय पर शिक्षकों को संबोधित करेंगे।
कार्यक्रम का मंच संचालन हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ के महासचिव रामपाल शर्मा करेंगे, मेहमानों का स्वागत और समापन राज्याध्यक्ष प्रभु सिंह करेंगे। संघ ने सभी शिक्षा प्रेमियों और शिक्षकों से कार्यशाला में भाग लेकर शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा में शामिल होने की अपील की है।