हरियाणा में धर्मनगरी कुरुक्षेत्र सोमवार उस समय श्रीराममयी हो उठी जब भव्य कलश यात्रा निकाली गई। पवित्र श्रीराम लला प्राण पतिष्ठा के उपलक्ष्य में आयोजित यह भव्य कलश यात्रा पवित्र ब्रह्मसरोवर तट पर स्थित मां कात्यायनी देवी मंदिर से शुरू होकर दुखभंजन महादेव मंदिर तक पहुंची। जिसमें कलशधारी महिलाओं के साथ-साथ हजारों की संख्या में अन्य श्रद्धालु भी शामिल रहे।
दिन भर जयश्री राम, हर-हर महादेव के जयकारे गूंजते रहे तो हर श्रद्वालु श्रीराम के रंग में रंगा रहा। जय मां दुर्गा जय श्री महाकाल ट्रस्ट एवं मां बाला सुंदरी यज्ञशाला मंदिर के संयुक्त तत्वाधान में सोमवार से ही श्री राम कथा का आयोजन भी दुखभंजन महादेव मंदिर में आरंभ हुआ। इससे पहले कशल यात्रा निकाली गई। इसको लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह बना रहा।
कलश यात्रा को विधायक सुभाष सुधा ने झंडी देकर रवाना किया। कथा आयोजन समिति सदस्य सुरेंद्र शर्मा बारना, पंडित राजेश मौदगिल, सचिन गुप्ता, जतिन गुप्ता, अभिषेक गुप्ता और अंकुश गुप्ता से आचार्य बलराम गौतम ने विधिवत पूजन संपन्न करवाया।
तत्पश्चात कथा व्यास संत करुणदास महाराज एवं महंत रूद्रपुरी महाराज, मौनी बाबा, महंत राजेंद्र पुरी, शुकदेवाचार्य एवं स्वामी हरिओमदास परिव्राजक आदि संतों को तिलक लगाकर यथोचित सम्मान किया गया।
आचार्य गोपाल गौतम, अनिल गौतम, सोमनाथ गौतम व पंडित रूद्र गौतम के मार्गदर्शन में पराशक्ति साधक वेद पाठशाला के सभी विद्यार्थियों ने स्वस्ति वाचन किया। कलश यात्रा की अगुआई छात्र संगठन बीपीएसओ के कार्यकर्ताओं ने हाथों में श्रीराम ध्वज के साथ की। जबकि ब्राह्मणों द्वारा शंखनाद किया गया।
राम जी से राम राम कहियो-कहियो जी हनुमान जी..., मेरे मन में बसे हैं राम-मेरे तन में बसे हैं राम..., राम जी की सेना चली...और हे रोम रोम में बसने वाले राम... इत्यादि भजनों की धुन पर श्रद्धालु झूमे। जय श्री राम और हर हर महादेव के जयकारों से वातावरण गूंज उठा।
कलश यात्रा में जिला परिषद उपाध्यक्ष डीपी चौधरी, श्री खाटू श्याम परिवार सेवा समिति के महासचिव रमेश शर्मा, अखिल भारतीय सारस्वत ब्राह्मण सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेंद्र शर्मा निंदी, मां शाकंभरी देवी सेवक मंडल के अध्यक्ष अशोक शर्मा बाली,भारत भूषण सिंगला, गोपाल शर्मा, चंद्रभान कौशिक सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल रहे।
हर रोज होगी श्रीराम कथा
मंगलवार 23 जनवरी तक प्रतिदिन दोपहर 2:30 से सांय 5:30 बजे तक श्री राम कथा होगी। प्रतिदिन सांय 5:30 बजे कथा की आरती और 6 बजे भंडारा, मंगलवार 23 जनवरी को महाआरती का आयोजन, जिसमें यज्ञ सम्राट हरिओम एवं श्री जयराम विद्यापीठ के परमाध्यक्ष ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी शामिल होंगे। बुधवार 24 जनवरी को कालेश्वर महादेव मंदिर के समीप मां बाला सुंदरी यज्ञशाला मंदिर में श्री राम यज्ञ आरंभ होगा, जिसकी पूर्णाहुति गुरुवार 25 जनवरी को सुबह 10 बजे होगी। इसी दिन सुबह 11 बजे विशाल भंडारे के साथ यह अनुष्ठान संपन्न होगा।
इन संतों के होंगे प्रवचन
इस अनुष्ठान में गीता मनीषी महांमंडलेश्वर ज्ञानानंद , प्यौदा (कैथल) के महंत रूद्र पुरी , काशी विद्वत्परिषद के प्रभारी कार्ष्णि नागेंद्र, मां पीतांबरा पीठ नलखेड़ा (मध्य प्रदेश) के पीठाधीश्वर स्वामी सांदीपेंद्र , अखिल भारतीय साधु समाज के अध्यक्ष महंत बंसी पुरी, स्थानेश्वर महादेव मंदिर के प्रबंधक स्वामी रोशन पुरी, संत हरिओमदास परिव्राजक, महंत राजेंद्रपुरी , महंत जगन्नाथ, महंत भीमपुरी, आचार्य बलराम गौतम, आचार्य राजेश वत्स एवं आचार्य नरेश कौशिक आदि भक्ति प्रवचन करेंगे।