हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने मिशन-2024 के लिए चार लोकसभा सीटों पर मंथन किया। उन्होंने अंबाला, कुरुक्षेत्र, करनाल व सिरसा लोकसभा क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों को चुनावी पाठ पढ़ाया। उन्होंने क्षेत्र के राजनीतिक हालात जाने और लंबित विकास कार्यों की जानकारी ली व तेजी से काम पूरा करने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने रविवार को धर्मनगरी में चार लोकसभा सीटों के 98 जनप्रतिनिधियों के साथ करीब ढाई घंटे तक मिशन-2024 पर मंथन किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों से राजनीतिक हालात की जानकारी ली। साथ ही लंबित पड़े विकास कार्यों को तेजी से कराने पर जोर दिया। धर्मनगरी स्थित हरियाणा कला परिषद सभागार में आयोजित विशेष कार्यशाला में नगर निगम व परिषद अध्यक्ष, पार्टी के 11 जिलाध्यक्ष और लोस क्षेत्र के समन्वयक शामिल हुए।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने एक-एक कर सभी जनप्रतिनिधियों से फीडबैक लिया। विशेष रूप से उन्होंने अधूरे पड़े विकास कार्यों की जानकारी ली और उसे तेज गति से पूरा कराने के दिशा-निर्देश भी दिए। कार्यशाला में भारत संकल्प यात्रा को लेकर भी फीडबैक लिया गया। वहीं 25 जनवरी को नव मतदाता सम्मेलन कराए जाने को लेकर तैयारियों पर चरचा हुई। इसे हर विधानसभा या फिर जिलास्तर पर कराने की चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसुविधाओं को लेकर किसी भी स्तर पर खामी नहीं रहनी चाहिए। प्रशासन के साथ-साथ क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों को विशेष रूप से इसका ध्यान रखना होगा। शुरू किए गए विकास कार्य तय समय में पूरा करने के साथ ही गुणवत्ता का ध्यान रखने की भी नसीहत दी गई।
विज्ञापन
इस मौके पर प्रदेश संगठन महामंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा, विधायक सुभाष सुधा, राई विधायक एवं प्रदेश महामंत्री मोहन लाल बड़ौली, पूर्व मंत्री कृष्ण बेदी, भाजपा जिलाध्यक्ष रवि बतान, करनाल नगर निगम की मेयर रेनू बाला गुप्ता, भाजपा उपाध्यक्ष महेश पार्चा, हरियाणा सरस्वती धरोहर विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष धुमन सिंह किरमच, हरियाणा घुमंतू जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष जीता रामपाल, भाजपा नेता रविंद्र सांगवान सहित अन्य भाजपा नेता मौजूद थे।