कुरुक्षेत्र। जिंदल चौक पर दो दिन तक डटे रहे अतिथि अध्यापकों की सोमवार शाम मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात नहीं हो पाई। मुख्यमंत्री से मिलने के लिए शाम पांच बजे का समय निर्धारित किया गया था, जिसके बाद अतिथि अध्यापक चंडीगढ़ पहुंचे लेकिन मुख्यमंत्री किसी निजी कार्य से दिल्ली चले गए।
इसके बाद मुख्यमंत्री के ओएसडी भोपाल सिंह खदरी ने अतिथि अध्यापकों से मुलाकात की और उनकी मांगों को जाना। अब अतिथि अध्यापकों को मंगलवार सुबह साढ़े नौ बजे मुख्यमंत्री से मिलने का दोबारा समय दिया गया है।
अतिथि अध्यापक नियमित किए जाने सहित अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। वे कुरुक्षेत्र में जिंदल चौक पर भी धरने पर बैठे रहे। इससे पहले मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने जा रहे अतिथि अध्यापकों को पुलिस ने रोक दिया था। इस दौरान पुलिस ने पानी की बौछारें छोड़ी थीं और हल्का बल प्रयोग भी किया था। इसके बाद अध्यापकों ने जिंदल चौक पर धरना जारी रखा। अतिथि अध्यापक संघ महासचिव भूपेंद्र का कहना है कि वे अपनी मांगों को लेकर लगातार संघर्ष कर रहे हैं। अब मंगलवार सुबह मुख्यमंत्री के साथ प्रस्तावित बैठक में उनकी मांगों पर चर्चा होने की उम्मीद है।