बेहतरीन अभिनय की बदौलत लोकप्रियता हासिल कर चुके प्रख्यात फिल्म अभिनेता सुधीर पांडेय वीरवार को धर्मनगरी पहुंचे। वे दिल्ली दूरदर्शन के यादगार धारावाहिक बुनियाद और अग्निपथ, मैं आजाद हूं, बॉम्बे टू गोवा, ए डाटर्स टेल पंख, टॉयलेट एक प्रेम कथा जैसी सुपरहिट फिल्मों में अपने अभिनय का लोहा मनवा चुके हैं। फिल्म पंख में अहम भूमिका निभा चुके सुधीर पांडे ने कुरुक्षेत्र में फिल्म की शूटिंग के दौरान बिताए हुए लम्हों को याद कर कुरुक्षेत्र की आध्यात्मिकता, एतिहासिकता और धार्मिकता की जमकर सराहना की। साथ ही हरियाणा सरकार से भी प्रदेश के कलाकार को प्रोत्साहन देने की मांग की।
उन्होंने कहा कि आज की फिल्मों और धारावाहिकों में किस प्रकार से वास्तविक कहानियों का समावेश हो गया है। वैसा पुराने दौर के धारावाहिकों और फिल्मों में नहीं होता था। आजकल की फिल्मों में हरियाणवी कलाकारों और भाषा को तवज्जो मिल रही। हरियाणा सरकार को भी फिल्मों और कलाकारों को प्रोत्साहन देने के लिए और बेहतर कदम उठाने चाहिए ताकि हरियाणा के जो कलाकार और निर्माता-निर्देशक फिल्मों और धारावाहिकों में अपना भाग्य आजमाना चाहते हैं उन्हें सरकार के फैसले से हिम्मत मिल सके।
अभिनेता सुधीर पांडेय यश बाबू एंटरटेनमेंट द्वारा बनाई गई फिल्म ए डॉटर्स टेल पंख में अहम भूमिका निभा चुके हैं। बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान को सार्थक सिद्ध करती इस फिल्म को जहां हरियाणा सरकार द्वारा सम्मानित किया गया, वहीं इस फिल्म को दिल्ली दूरदर्शन पर भी प्रसारित किया जा चुका है। यश बाबू के बैनर तले हाल ही में रिलीज हुई 48 कोस के पार्ट-2 में भी सुधीर पांडेय अहम भूमिका निभाने वाले हैं। फिल्म 48 कोस के दूसरे भाग की शूटिंग 11 मार्च को शुरू होगी। इस फिल्म में सुधीर पांडेय भी अहम किरदार में नजर आएंगे। वहीं यशबाबू ने कहा कि उनके बैनर द्वारा बनाई गई फिल्म वाय मैरी जल्द भी रिलीज होने की तैयारी में है।