कुरुक्षेत्र। सेठ नवरंग राय लोहिया जयराम कन्या महाविद्यालय लोहार माजरा में तंबाकू मुक्त परिसर विषय पर नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। नाटक में छात्राओं ने तंबाकू के नुकसान बताए।
महाविद्यालय की आठ छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक को प्रस्तुत किया। छात्राओं ने महाविद्यालय परिसर में उपस्थित बस चालक, परिचालक, मालियों व चौकीदारों को तंबाकू सेवन से होने वाली गंभीर बीमारियों की जानकारी दी और तंबाकू का सेवन न करने के लिए जागरूक किया। छात्राओं ने तंबाकू सेवन से शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक स्वास्थ्य पर भी पड़ने वाले दुष्प्रभावों के प्रति भी जागरूक किया।
प्राचार्य डॉ. सुदेश रावल ने कहा कि इस प्रकार के जागरूक करने वाले नुक्कड़ नाटकों से समाज में फैली कुरीतियों को दूर किया जा सकता है। यदि इन छात्राओं के प्रयास से कोई एक व्यक्ति भी धूम्रपान, तंबाकू और गुटका खाना छोड़ देता है तो ये बधाई की पात्र हैं। इस मौके पर डॉ. अनीता शर्मा, दीप्ति शर्मा, डॉ. परमजीत कौर, डॉ. संतोष, बलबीर सिंह आदि मौजूद रहे।