कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के महिला छात्रावास में छात्राओं ने बृहस्पतिवार देर रात हॉस्टल फीस की दूसरी किस्त लेने के विरोध में रोष जताया। इस दौरान उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। छात्राओं का कहना है कि कोविड काल में हॉस्टल बंद होने से ज्यादातर छात्राएं अपने घरों में रहीं और ऑनलाइन पढ़ाई की। अब विश्वविद्यालय प्रशासन हॉस्टल फीस की दूसरी किस्त के रूप में करीब नौ हजार रुपये मांग रहा है। इस संदर्भ में विश्वविद्यालय की ओर से नोटिस भी जारी किया गया है।
छात्राओं का कहना है कि विश्वविद्यालय प्रशासन ने हॉस्टल फीस समायोजित करने का आश्वासन विद्यार्थियों को दिया था, लेकिन इसके बावजूद यह नोटिस जारी करना गलत है। छात्राओं का देर रात तक प्रदर्शन जारी रहा। उधर, केयू महिला छात्रावास की चीफ वार्डन प्रो. नीलम ढांडा का कहना है कि कोविड कॉल के दौरान की हॉस्टल फीस समायोजित की जा रही है। छात्राओं को हॉस्टल फीस के बारे में आधी अधूरी जानकारी है। शुक्रवार को सभी छात्राओं को उनकी फीस से संबंधित जानकारी दी जाएगी।