खेड़ी रामनगर गांव में बन रहे नर्सिंग कॉलेज का नाम बदले जाने को लेकर सैनी समाज में रोष है। समाज के लोगों का कहना है कि कॉलेज का नाम महाराजा शूर सैनी के नाम पर रखा जाना प्रस्तावित था, लेकिन अब इसे बदलने की योजना है। इस संबंध में लोगों ने रविवार को सीएम को संबोधित ज्ञापन सांसद नायब सिंह सैनी को सौंपा है।
ऑल इंडिया सैनी सेवा समाज के प्रदेश युवा उपाध्यक्ष हैरी सैनी ने कहा कि महापुरुष किसी एक बिरादरी विशेष के नहीं, बल्कि सभी समाज के होते हैं। कहा कि सैनी समाज द्वारा आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम में लोगों की मांग पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने घोषणा की थी कि खेड़ी रामनगर में बनने वाले नर्सिंग कॉलेज महाराजा शूर सैनी के नाम पर होगा, लेकिन अब जानकारी मिली है कि इसका नाम बदलने की तैयारी है। इससे सैनी समाज की भावनाएं आहत हुईं हैं। प्रदेश युवा अध्यक्ष नवनीत सैनी ने कहा कि सैनी समाज में इस बात को लेकर रोष है कि नर्सिंग कॉलेज का नाम महाराजा शूर सैनी के नाम पर रखने की बजाय ब्रह्मानंद के नाम पर रखने की तैयारी है। जबकि नर्सिंग कॉलेज का नाम शूर सैनी के नाम पर रखना प्रस्तावित था।