संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। अस्पताल में घटिया व निम्न स्तर का सामान भेजकर संचालक के साथ धोखाधड़ी करने के आरोप में पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपियों ने शिकायतकर्ता से करीब 4.60 लाख रुपये की ठग लिए।
शाहाबाद पुलिस को दी शिकायत में दीपक शर्मा वासी शाहाबाद ने कहा कि उसने अपने अस्पताल के लिए एल्युमीनियम के दरवाजे व खिड़कियां बनवाने थे। इस काम के लिए उसने गीतांश, रितिका अमरजीत व अर्षदीप वासी समराला चौक लुधियाना (पंजाब) से संपर्क किया। आरोपियों ने उसे सैंपल के तौर पर फोटोग्राफ दिखाए और अच्छी गुणवत्ता के खिड़की व दरवाजे 10 अप्रैल तक सप्लाई करने का आश्वासन दिया। आरोपियों ने इस सामान की कीमत 4.60 लाख रुपये बताई। उसने 1.49 लाख रुपये का चेक 22 जनवरी व 3.11 लाख रुपये का चेक आठ मार्च को दिया था।
आरोपियों ने अपने वादे अनुसार सामान सप्लाई नहीं किया। तब उसने ने फोन पर संपर्क करके अपना ऑर्डर रद्द कर दिया। 25 अप्रैल को आरोपी उसके अस्पताल में आए और जल्द ही सामान सप्लाई करने का आश्वासन देते हुए सिक्योरिटी के एवज में करीब 4.60 लाख रुपये की राशि के चार चेक दे गए। इसके बाद 30 अप्रैल को एक टेंपो चालक सामान लेकर अस्पताल पहुंचा और जल्दी-जल्दी सामान उतारने लगा। उन्होंने सामान की जांच की तो सारा सामान घटिया व निम्न स्तर का पाया गया।
उन्होंने चालक को सामान वापस ले जाने को कहा, मगर वह जबरदस्ती सामान उतारकर चला गया। उन्होंने सामान की जांच व मूल्यांकन किया तो उसकी कीमत मात्र 30 हजार रुपये पाई गई, जबकि आरोपियों की ओर से भिजवाए गए सामान के बिल की राशि तीन लाख 44 हजार 560 रुपये थी। इसके बारे में उन्होंने फोन करके आरोपियों को सूचना देकर सामान वापस ले जाने की मांग की, मगर आरोपी सामान वापस नहीं ले गए। आरोपियों की ओर से दिए चारों चेक बाउंस हो गए। उसने अपनी राशि की मांग की तो आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी। शिकायत पर पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।